राज्य कर विभाग के खिलाफ व्यापार मंडल का प्रदर्शन का ऐलान, व्यापारियों के उत्पीड़न का लगाया आरोप

खबरें शेयर करें -

राज्य कर विभाग के खिलाफ व्यापार मंडल का प्रदर्शन का ऐलान, व्यापारियों के उत्पीड़न का लगाया आरोप


रुद्रपुर। राज्य कर विभाग की खटीमा सचल दल इकाई की कार्यप्रणाली को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। रुद्रपुर व्यापार मंडल ने व्यापारियों के कथित उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आयुक्त, राज्य कर विभाग उत्तराखण्ड को संयुक्त आयुक्त स्मिता के माध्यम से ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग की है।

व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जुनेजा ने आरोप लगाया कि विभाग की सचल दल इकाई द्वारा व्यापारियों के वाहनों को घंटों तक रोककर रखा जाता है, जबकि उनके पास माल से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज, बिल, ई-वे बिल और अन्य अभिलेख मौजूद होते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि दस्तावेज पूर्ण होने के बावजूद उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ती है।

संजय जुनेजा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ अधिकारियों द्वारा विभागीय लक्ष्य (टारगेट) का हवाला देकर व्यापारियों पर पेनल्टी लगाने का दबाव बनाया जाता है। इससे व्यापारिक समुदाय में विभाग के प्रति असंतोष और रोष का माहौल है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार दूरभाष के माध्यम से अधिकारियों से बातचीत कर समाधान का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

व्यापार मंडल ने ज्ञापन में राज्य कर इकाई सचल दल, खटीमा की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने, वैध दस्तावेज रखने वाले व्यापारियों के उत्पीड़न पर रोक लगाने तथा संबंधित सीटीओ के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर उन्हें तत्काल हटाने की मांग की है।

व्यापार मंडल अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि व्यापारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो व्यापार मंडल राज्य कर विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने को बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी प्रशासन और विभाग की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक छाबड़ा, जिला महामंत्री निर्मल हंसपाल, प्रदेश संगठन मंत्री राजेश बंसल, गदरपुर व्यापार मंडल के महामंत्री संदीप चावला, शिवन सेठी, चीनू दुआ, चेतन खन्ना, मनजीत गगनेजा, पवन गाबा, पारस अरोरा, गौरव गांधी, राजकुमार सिकरी, दानिश अहमद सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।