दीपावली से पहले बोनस नहीं मिलने पर मंत्री मैटेलिक्स के ठेका श्रमिकों में उबाल, कंपनी गेट से श्रम भवन तक किया प्रदर्शन

### दीपावली से पहले बोनस नहीं मिलने पर मंत्री मैटेलिक्स के ठेका श्रमिकों में उबाल, कंपनी गेट से श्रम भवन तक किया प्रदर्शन

रुद्रपुर। सिडकुल स्थित मंत्री मैटेलिक्स कारखाने के ठेका श्रमिकों को दीपावली का बोनस नहीं मिलने से श्रमिकों में भारी आक्रोश है। नाराज श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ कारखाने के गेट पर प्रदर्शन करने के बाद श्रम भवन पहुंचकर भी विरोध जताया और दीपावली से पहले बोनस दिलाए जाने की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारी श्रमिकों ने कारखाना प्रबंधन पर शोषण करने और श्रम कानूनों का उल्लंघन करने के आरोप लगाए। श्रमिकों का कहना था कि नियमानुसार पात्र श्रमिकों को बोनस दिया जाना अनिवार्य है, इसके बावजूद कंपनी प्रबंधन बोनस देने से इनकार कर रहा है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष दीपावली से करीब एक सप्ताह पहले बोनस की राशि मिल जाती थी, लेकिन इस बार प्रबंधन के सामने मांग रखने पर बोनस देने से साफ मना कर दिया गया।

श्रमिकों ने कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का त्योहार है। इस दौरान घरों में अतिरिक्त खर्च बढ़ जाता है और मजदूर पूरे साल की मेहनत के बाद मिलने वाले बोनस से अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने की तैयारी करते हैं। ऐसे में बोनस नहीं मिलने से श्रमिक परिवारों की खुशियों पर असर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार और श्रम विभाग से मामले में हस्तक्षेप कर दीपावली से पहले बोनस दिलाने की मांग की।

वहीं कंपनी के एचआर हेड विजय मदान ने बताया कि सहायक श्रम आयुक्त और श्रमिकों के साथ बातचीत चल रही है। श्रमिकों के हित में जो भी उचित निर्णय होगा, उसके अनुसार बोनस प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

प्रदर्शन में संजीव गंगवार, निलेश मिश्रा, आशीष सिंह, श्याम बाबू क्षेत्रपाल, निरंजन लाल सहित कई श्रमिक मौजूद रहे।