

खानपुर विधायक से 4.50 लाख की ठगी, पुरानी कार बेचने का झांसा देकर हड़पी रकम



देहरादून। खानपुर से विधायक उमेश कुमार शर्मा से पुरानी कार बेचने के नाम पर 4.50 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विधायक के कार्यालय प्रबंधक मोहम्मद असद खान ने राजपुर थाना में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि अगस्त 2025 में ख्वाजा हुसैन ने व्हाट्सएप के माध्यम से एक पुरानी मॉरिस कार बेचने का प्रस्ताव दिया था। आरोपी ने कार की तस्वीरें और अन्य विवरण भेजकर भरोसा दिलाया कि वाहन देहरादून में उपलब्ध करा दिया जाएगा।
बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच कार का सौदा 4.50 लाख रुपये में तय हुआ। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में आरोपी के बैंक खाते में कुल 4.50 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। आरोप है कि पूरी रकम प्राप्त करने के बावजूद आरोपी ने न तो कार की डिलीवरी दी और न ही पैसे वापस किए।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि वाहन की डिलीवरी के संबंध में संपर्क करने पर आरोपी ने कार बेचने के नाम पर रकम लेने की बात स्वीकार की, लेकिन बाद में फोन उठाना बंद कर दिया।
राजपुर थाना प्रभारी पी.डी. भट्ट ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी ख्वाजा हुसैन के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बैंक खातों और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

