क्रालोस का नौवां सम्मेलन सात प्रस्तावों के साथ संपन्न, पीपी आर्या फिर बने अध्यक्ष, भोपाल को मिली महासचिव की जिम्मेदारी

# क्रालोस का नौवां सम्मेलन सात प्रस्तावों के साथ संपन्न, पीपी आर्या फिर बने अध्यक्ष, भोपाल को मिली महासचिव की जिम्मेदारी

**रुद्रपुर।** क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन (क्रालोस) का नौवां सम्मेलन दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतिम दिन उत्साह और ऊर्जा के साथ संपन्न हो गया। सम्मेलन में जनवादी अधिकारों, नागरिकता, मताधिकार, मजदूरों के शोषण और बढ़ते दमन जैसे ज्वलंत मुद्दों पर व्यापक चर्चा के बाद सात महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। संगठन ने पीपी आर्या को पुनः अध्यक्ष चुना, जबकि भोपाल को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

सम्मेलन के दूसरे दिन शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ जनवादी अधिकारों पर बढ़ते हमलों और निरंकुशता के खिलाफ, युद्धों के विरोध में, संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, हालिया छात्र-युवा उभार, एसआईआर के माध्यम से नागरिकता और मताधिकार पर कथित हमलों तथा अपराध और अतिक्रमण के नाम पर बस्तियों, मकानों और दुकानों को ध्वस्त किए जाने के खिलाफ प्रस्ताव पारित किए गए।

इसके साथ ही अंकिता हत्याकांड के कथित वीआईपी आरोपी को पुरस्कृत किए जाने और सीबीआई जांच की आड़ में गवाहों को डराने-धमकाने के आरोपों की कड़ी निंदा की गई। सम्मेलन ने अंकिता को न्याय दिलाने के संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हुए इस लड़ाई में व्यापक जनभागीदारी का आह्वान किया।

दोपहर दो बजे आयोजित खुले सत्र में विभिन्न सामाजिक संगठनों, ट्रेड यूनियनों, मजदूर संगठनों और जनवादी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। याजाकी वर्कर्स यूनियन, इंटक मजदूर संगठन पंतनगर, एरा श्रमिक संगठन, ठेका मजदूर कल्याण समिति, पीयूसीएल, अंबेडकर फाउंडेशन मिशन, सीएसटीयू, डॉल्फिन मजदूर संगठन, कैरोलिया लाइटिंग मजदूर यूनियन, एलआईसी कुमाऊं मंडल, बेलराइज यूनियन, प्रगतिशील भोजनमाता संगठन, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी, भाकपा (माले), पीपीआईडी, इंकलाबी मजदूर केंद्र, परिवर्तनकामी छात्र संगठन और प्रगतिशील महिला एकता केंद्र सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। सामाजिक कार्यकर्ता साजिद खान सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

वक्ताओं ने एसआईआर के जरिए नागरिकता और मताधिकार पर हो रहे कथित हमलों पर गहरा आक्रोश जताते हुए इसके खिलाफ एकजुट संघर्ष की जरूरत बताई। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और विभिन्न राज्य सरकारों पर जन आंदोलनों के दमन का आरोप लगाते हुए इसकी निंदा की। साथ ही श्रम संहिताओं के माध्यम से मजदूरों के अधिकारों को कमजोर किए जाने और उन्हें शोषण की स्थिति में धकेलने के खिलाफ मजदूर वर्ग से एकजुट होने की अपील की।

खुले सत्र में अपराध और अतिक्रमण के नाम पर बस्तियों, मकानों और दुकानों के बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण पर भी चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे मुद्दों पर जनता को संगठित कर अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक आंदोलन खड़ा करने की आवश्यकता है।

खुले सत्र के समापन के बाद सम्मेलन स्थल से जुलूस निकाला गया, जो नारायण कॉलोनी, शिमला बहादुर और तीनपानी डैम होते हुए वापस सम्मेलन स्थल पर पहुंचा। जुलूस के साथ ही क्रालोस के नौवें सम्मेलन का समापन हुआ।

कार्यक्रम को पीपी आर्या, कैलाश भट्ट, मुकुल, प्रभात ध्यानी, दलजीत सिंह, ललित मटियाली, एडवोकेट यशपाल सिंह, हरीश मौर्य, साजिद खान, महेश, बिंदु गुप्ता और रजनी, पिंकी सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। सम्मेलन में पारित प्रस्तावों और संगठनात्मक चुनावों के साथ जनवादी अधिकारों, मजदूरों और आम जनता के सवालों पर संघर्ष तेज करने का संदेश दिया गया।

IMG-20261111-WA0006.jpg

IMG-20261111-WA0003.jpg

IMG-20261111-WA0005.jpg

IMG-20261111-WA0004.jpg

IMG-20261111-WA0002.jpg

IMG-20261108-WA0019.jpg

IMG-20261108-WA0020.jpg

Advertisement