

ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी का भंडाफोड़, दिल्ली का बुकी गिरफ्तार



अभियुक्त से कार, लैपटॉप और नकदी बरामद
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सिडकुल आनंदपुर रोड क्षेत्र से आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लग्जरी कार, लैपटॉप, पांच महंगे मोबाइल फोन और 92 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, ट्रांजिट कैम्प थाने के उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र और एसओजी टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सफेद रंग की होंडा सिटी कार में बैठकर ऑनलाइन सट्टेबाजी कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने धर्मकांटे के आगे दबिश देकर कार में बैठे व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रंजीत सिंह सैनी पुत्र वीर सिंह सैनी निवासी साद नगर, पालम कॉलोनी दिल्ली बताया।
तलाशी के दौरान कार से एचपी कंपनी का एक लैपटॉप और पांच मोबाइल फोन बरामद हुए। लैपटॉप में iAssistant नाम का सट्टा सॉफ्टवेयर खुला मिला, जिसमें आईपीएल टीमों के कोड, ग्राहकों के नाम, रन और हार-जीत के हिसाब का पूरा रिकॉर्ड दर्ज था। मोबाइल फोन में सट्टेबाजी से जुड़ी वॉइस रिकॉर्डिंग और पेटीएम लेन-देन के स्क्रीनशॉट भी मिले।
पुलिस को कार की सीट के नीचे रखे बैग से एक कैलकुलेटर, लैपटॉप चार्जर और 92 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह सुनसान स्थान पर कार खड़ी कर आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहा था और बरामद रकम सट्टे से अर्जित की गई थी।

