रुद्रपुर में परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई: 8 वाहन सीज, 21 के चालान।

खबरें शेयर करें -

रुद्रपुर में परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई: 8 वाहन सीज, 21 के चालान।


रुद्रपुर। जिला अधिकारी के निर्देश पर परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम ने 25 और 26 मार्च 2026 को सिडकुल रुद्रपुर, किच्छा, खटीमा और सितारगंज क्षेत्रों में देर रात तक सघन चेकिंग अभियान चलाया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) श्री नवीन सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान कुल 21 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 8 वाहनों को सीज किया गया। सीज किए गए वाहनों में 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना फिटनेस, बिना टैक्स और ओवरलोड पाए गए, जिन्हें व्यावसायिक उपयोग में लाया जा रहा था। इसके अलावा 4 ओवरलोड वाहनों को बिना ड्राइविंग लाइसेंस के चलते सीज किया गया, जिनमें दो भूसा लदे भारी वाहन, एक ओवरहाइट भूसा वाहन और एक खनन सामग्री से भरा वाहन शामिल था। एक अन्य वाहन भी बिना फिटनेस और टैक्स के चलते सीज किया गया।

अन्य कई वाहनों के चालान बिना टैक्स, बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन में किए गए।

एआरटीओ प्रवर्तन  नवीन सिंह ने वाहन चालकों से अपील की है कि बिना फिटनेस, बिना टैक्स और ओवरलोडिंग वाले वाहन सड़कों पर न चलाएं तथा सभी यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।

इस दौरान परिवहन उप निरीक्षक गोकुल सुप्याल, सहायक निरीक्षक महेंद्र सिंह बोरा, गणेश जोशी, देवेंद्र सिंह, परिवहन आरक्षी रवि, डिंपल सिंह, गौरव सिंह तथा चालक पूरन सिंह बिष्ट मौजूद रहे।