

पंतनगर विश्वविद्यालय के छात्र का 8 लाख वार्षिक पैकेज पर चयन
पंतनगर, 6 जुलाई। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के सेवायोजन एवं परामर्श निदेशालय के माध्यम से आयोजित कैंपस प्लेसमेंट प्रक्रिया में एम.एससी. एग्रोनॉमी के छात्र अखिलेश तुलस्यान का चयन एग्रीस्टो मासा प्राइवेट लिमिटेड (एएमपीएल) में हुआ है।
कंपनी ने लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर छात्र का चयन किया। चयनित विद्यार्थी को 8 लाख रुपये वार्षिक वेतन पैकेज के साथ अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने इस उपलब्धि पर सेवायोजन एवं परामर्श निदेशालय के प्रयासों की सराहना करते हुए चयनित छात्र को बधाई दी। वहीं, सेवायोजन एवं परामर्श निदेशक डॉ. एम. एस. नेगी ने भी छात्र को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि निदेशालय भविष्य में भी विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित कंपनियों के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।


