

हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 को लेकर सियासत तेज, ठुकराल के बयान पर भाजपा का पलटवार
देहरादून। वर्ष 2027 में प्रस्तावित हरिद्वार अर्धकुंभ मेले को लेकर उत्तराखंड की राजनीति गरमा गई है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के एक विवादित बयान के बाद भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं।
अल्मोड़ा में आयोजित एक जनसभा के दौरान राजकुमार ठुकराल ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अर्धकुंभ मेले के दौरान राजनीतिक लाभ हासिल करने के लिए भाजपा किसी अप्रिय घटना को भी अंजाम दिला सकती है। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई।
भाजपा ने ठुकराल के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा विधायक विनोद चमोली ने कहा कि हरिद्वार अर्धकुंभ करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा धार्मिक आयोजन है और इस प्रकार के बयान समाज में भ्रम फैलाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अर्धकुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर पूरी तरह गंभीर है तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
विनोद चमोली ने कांग्रेस पर धार्मिक आयोजनों को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अर्धकुंभ का आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक दल बदलने के बाद राजकुमार ठुकराल के विचारों में आया बदलाव आश्चर्यजनक है।
गौरतलब है कि हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। बुनियादी ढांचे के विकास, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय आगामी समय में लिए जाने हैं। ऐसे में आयोजन से पहले शुरू हुई राजनीतिक बयानबाजी आने वाले दिनों में और तेज हो सकती है।


