भाकपा (माले) का चुनावी ऐलान, उत्तराखंड की 8 सीटों पर उतारेगी उम्मीदवार

खबरें शेयर करें -

भाकपा (माले) का चुनावी ऐलान, उत्तराखंड की 8 सीटों पर उतारेगी उम्मीदवार


लालकुआं, 15 जून। आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भाकपा (माले) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। बिंदुखत्ता स्थित दीपक बोस भवन में आयोजित राज्य कमेटी की बैठक में पार्टी ने प्राथमिक तौर पर आठ विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

बैठक के बाद जारी बयान में भाकपा (माले) ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया। पार्टी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसके जरिए गरीबों, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के मताधिकार को प्रभावित किए जाने की आशंका है। पार्टी नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड में भी इस प्रक्रिया पर सतर्क नजर रखने की जरूरत है।

भाकपा (माले) ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का भी संघर्ष होगा। पार्टी ने अन्य वामपंथी दलों के साथ एकजुटता बनाए रखने तथा विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के साथ व्यापक विपक्षी एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि पार्टी चिन्हित आठ सीटों पर पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी और प्रदेश में जनपक्षधर ताकतों को साथ लाकर लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के मुद्दों को जनता के बीच ले जाएगी।

बैठक में भाकपा (माले) के पोलित ब्यूरो सदस्य संजय शर्मा, राज्य सचिव इंद्रेश मैखुरी, के.के. बोरा, बहादुर सिंह जंगी, आनंद सिंह नेगी, गिरिजा पाठक, डॉ. कैलाश पांडेय, एडवोकेट कैलाश जोशी, विमला रौथाण, अतुल सती, एडवोकेट अमनदीप कौर, जोगेंद्र लाल और ललित मटियाली सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।