रुद्रपुर में बार संचालक की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

खबरें शेयर करें -

रुद्रपुर में बार संचालक की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


रुद्रपुर -रुद्रपुर में शहर के चर्चित बार संचालक संजय शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर मामला सड़क दुर्घटना का बताया जा रहा था, लेकिन मृतक के शरीर पर मिले गंभीर घावों और परिजनों द्वारा जताई गई हत्या की आशंका के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है।

जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-5 आवास विकास, किच्छा निवासी 56 वर्षीय संजय शर्मा देर रात अपने बार का संचालन बंद करने के बाद कर्मचारियों को छोड़ने के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के दोनों एयरबैग खुल गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतक के बड़े पुत्र शशांक शर्मा का कहना है कि उनके पिता रोजाना की तरह कर्मचारियों को घर छोड़ने गए थे। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के समय कार में उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं। शशांक ने दावा किया कि उनके पिता के सीने के पास लगभग छह इंच गहरा और तीन इंच चौड़ा घाव मिला है, जो सामान्य सड़क दुर्घटना में होने वाली चोट जैसा नहीं लगता। इसी वजह से परिवार इस घटना को महज दुर्घटना नहीं बल्कि संभावित हत्या मान रहा है।

परिजनों ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले मेट्रो सिटी मॉल स्थित बार में कुछ लोगों के साथ शराब को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद बार पर पथराव भी किया गया था, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। परिवार को आशंका है कि उस विवाद का संबंध इस घटना से हो सकता है।

घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ विशेष जांच और एक्स-रे कराने का भी निर्णय लिया है। बाजार चौकी प्रभारी प्रदीप कोहली के अनुसार घायल अवस्था में संजय शर्मा को अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत और हत्या की आशंका को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है।

फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि संजय शर्मा की मौत सड़क हादसे का परिणाम थी या इसके पीछे कोई साजिश छिपी है। शहर में इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और लोग जांच के निष्पक्ष निष्कर्ष का इंतजार कर रहे