

रम्पुरा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2000 किलो लहन नष्ट, 40 लीटर कच्ची शराब बरामद
काशीपुर। ऊधम सिंह नगर में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। गुरुवार को ग्राम रम्पुरा में आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब निर्माण के अड्डे को ध्वस्त किया। इस दौरान एक अवैध भट्टी नष्ट की गई, 2000 किलोग्राम लहन मौके पर नष्ट किया गया तथा कुल 40 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
यह कार्रवाई 6 अगस्त 2026 को माननीय आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी महेन्द्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में की गई। ग्राम रम्पुरा में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री की शिकायत मिलने पर क्षेत्र-03 काशीपुर की आबकारी टीम ने त्वरित छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान टीम ने अवैध शराब तैयार करने में प्रयुक्त एक भट्टी को ध्वस्त कर दिया और करीब 2000 किलोग्राम लहन मौके पर ही नष्ट कर दिया। आसपास की तलाशी में लगभग 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इस मामले में अज्ञात अभियुक्त के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
अभियान के दौरान ग्राम रम्पुरा निवासी सतपाल पुत्र जरनैल सिंह के घर की तलाशी लेने पर 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस अभियान का नेतृत्व आबकारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने किया। टीम में उप आबकारी निरीक्षक असीस सिद्दीकी, प्रधान आबकारी सिपाही कैलाश भट्ट तथा आबकारी सिपाही कृष्ण चन्द्र, सुमन आर्या और नैनिका राणा शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




