श्रम विभाग और उद्योग जगत के बीच सेतु बने अरविंद सैनी, IIA ने जताया आभार

खबरें शेयर करें -

श्रम विभाग और उद्योग जगत के बीच सेतु बने अरविंद सैनी, IIA ने जताया आभार


रुद्रपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) रुद्रपुर चैप्टर की ओर से उधम सिंह नगर के सहायक श्रम आयुक्त अरविंद सैनी को उनके सराहनीय कार्यों, उत्कृष्ट सेवाओं और उद्योग जगत को दिए जा रहे निरंतर सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। IIA पदाधिकारियों ने सहायक श्रम आयुक्त को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।
सम्मान के रूप में दिए गए स्मृति चिन्ह पर “HONOUR & GRATITUDE” (सम्मान एवं आभार) अंकित था। IIA पदाधिकारियों ने कहा कि श्रम विभाग और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ औद्योगिक विकास और श्रमिक हितों के बीच संतुलन बनाए रखने में अरविंद सैनी की भूमिका सराहनीय रही है।
पदाधिकारियों ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में उद्योगों से जुड़े श्रम संबंधी विषयों के समाधान, श्रमिक कल्याण और विभागीय समन्वय के लिए बेहतर संवाद आवश्यक है। इस दिशा में सहायक श्रम आयुक्त की ओर से किए जा रहे प्रयासों से उद्योग जगत को सकारात्मक सहयोग मिल रहा है।
इस अवसर पर IIA कुमाऊं मंडल चेयरमैन रोहित गोयल, IIA रुद्रपुर चैप्टर के चेयरमैन संजीव जैन, उपाध्यक्ष दीपक गर्ग, उपाध्यक्ष राकेश चौहान, कोषाध्यक्ष आकाश के. सक्सेना तथा सचिव योगेश के. पंवार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान क्षेत्र में संचालित औद्योगिक इकाइयों की कार्यप्रणाली, श्रमिक कल्याण, उद्योगों से जुड़े विभिन्न श्रम विषयों तथा भविष्य की योजनाओं को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने उद्योगों और श्रम विभाग के बीच समन्वय को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सहायक श्रम आयुक्त अरविंद सैनी ने IIA पदाधिकारियों द्वारा किए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उद्योगों और श्रमिकों के हितों से जुड़े मामलों में विभाग की ओर से भविष्य में भी हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने उद्योग जगत और श्रम विभाग के बीच बेहतर समन्वय को औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।