बिजली के बिना अंधेरे में जीने को मजबूर 30 परिवार, डीएम से लगाई गुहार; बोले- “अब बच्चों का भविष्य भी अंधेरे में”

खबरें शेयर करें -

बिजली के बिना अंधेरे में जीने को मजबूर 30 परिवार, डीएम से लगाई गुहार; बोले- “अब बच्चों का भविष्य भी अंधेरे में”
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर स्थित वार्ड संख्या-25 के प्रीत विहार, फाजलपुर महरौला में शनि मंदिर के निकट रहने वाले करीब 30 परिवार वर्षों से बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। परेशान परिवारों ने अब जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग करते हुए सामूहिक प्रार्थना पत्र सौंपा है और जल्द से जल्द विद्युत संयोजन उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
प्रार्थना पत्र में क्षेत्रवासियों ने बताया कि वे लंबे समय से उक्त कॉलोनी में निवास कर रहे हैं, लेकिन आज तक उनके घरों में विद्युत कनेक्शन नहीं लगाया गया। कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने और आवेदन देने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। आरोप है कि विभागीय अधिकारियों द्वारा उनकी शिकायतों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे सभी परिवार भारी परेशानी झेलने को मजबूर हैं।
बिजली न होने के कारण परिवारों का दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। शाम ढलते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं गर्मी और बरसात के मौसम में महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित मकान वर्ष 2023 से पहले ही निर्मित हो चुके थे। उस समय क्षेत्र में अन्य लोगों को विद्युत संयोजन दिए जा रहे थे, लेकिन किसी कारणवश इन परिवारों के घरों में बिजली कनेक्शन नहीं लग सका। अब क्षेत्रवासियों का कहना है कि वे वर्षों से सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले का गंभीरता से संज्ञान लेकर ऊर्जा निगम के संबंधित अधिकारियों को तत्काल विद्युत संयोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएं, ताकि वर्षों से अंधेरे में जीवन गुजार रहे इन परिवारों के घरों में भी रोशनी पहुंच सके।
इस सामूहिक प्रार्थना पत्र पर नाजमा, नेहा, कलावती, विवेक, कमलेश कोहली, रंजीत गंगवार, पूनम, कोमल मसीह, राजेंद्र प्रसाद, रुबीना, फरहीन अंसारी, अदोला खान, सुनीता, आशिया अंसारी, नगमा अंसारी, ममता, शमा, मोहम्मद बसीम, विमला देवी, समीना खातून, अज़हर हुसैन सहित अन्य स्थानीय निवासियों ने हस्ताक्षर कर जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन परिवारों के घरों तक बिजली की रोशनी कब पहुंचा पाता है।