

रुद्रपुर शर्मसार: गैंगरेप, गोलीबारी और लगातार बढ़ते अपराधों ने खोली कानून व्यवस्था की पोल, महिलाओं की सुरक्षा पर बड़े सवाल
रुद्रपुर। उत्तराखंड सरकार जहां वर्ष 2027 तक अपराध, नशा और भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ने का दावा कर रही है और महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बता रही है, वहीं उधम सिंह नगर का मुख्यालय रुद्रपुर लगातार सामने आ रही गंभीर आपराधिक घटनाओं से दहशत में है। बीते कुछ दिनों में अज्ञात शव मिलने, गोलीबारी की घटनाओं और अब एक युवती के कथित अपहरण के बाद सामूहिक दुष्कर्म की वारदात ने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शनिवार देर रात सामने आई घटना के अनुसार सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत एक युवती अपनी सहेली और दो परिचित युवकों के साथ भूरारानी रोड क्षेत्र में गई थी। देर रात जब सभी वापस लौट रहे थे, तभी बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनका पीछा किया और रास्ते में उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने जबरन दोनों युवकों और दोनों युवतियों को उनकी ही बाइक पर बैठा लिया और गदरपुर की ओर ले जाने लगे।
रास्ते में एक युवक और एक युवती चलती बाइक से कूदकर किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने में सफल रहे, लेकिन दूसरी युवती और उसके साथ मौजूद युवक को आरोपी अपने साथ ले गए। कुछ दूरी पर युवक को रास्ते में उतार दिया गया, जबकि युवती को सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। वारदात के दौरान उसे लगातार धमकाया गया ताकि वह शोर न मचाए। आरोप है कि घटना के बाद रविवार सुबह आरोपी उसे मेट्रोपोलिस अंडरपास के पास छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया। पीड़िता की सहेली की तहरीर पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू करते हुए पुलिस ने तीन संदिग्ध आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित कर दी हैं।
जांच के दौरान पीड़िता ने पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी हैं। उसके अनुसार आरोपियों ने वारदात के दौरान सभी के मोबाइल फोन छीन लिए थे ताकि कोई पुलिस को सूचना न दे सके। उसने यह भी बताया कि आरोपियों ने उसका मुंह बांध दिया था और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि वारदात के दौरान एक पेट्रोल पंप पर आरोपियों ने बाइक में ₹500 का पेट्रोल यूपीआई के माध्यम से भरवाया था। इस इनपुट के आधार पर पुलिस संबंधित पेट्रोल पंप की सीसीटीवी फुटेज और यूपीआई लेनदेन की जानकारी जुटाने में लगी हुई है, जिससे आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
सीओ सिटी विभव सैनी के अनुसार मामले में तीन आरोपियों की भूमिका सामने आई है। कोतवाली, पंतनगर, दिनेशपुर और किच्छा पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। कई संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इधर, इसी बीच रविवार शाम गदरपुर क्षेत्र में सरदार नगर हाईवे के पास दो कारों में सवार युवकों के बीच हुई फायरिंग की घटना ने भी लोगों में दहशत फैला दी। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश जारी है।
रुद्रपुर और उसके आसपास लगातार सामने आ रही इन गंभीर घटनाओं ने आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। महिलाओं के खिलाफ अपराध, सरेआम गोलीबारी और अन्य आपराधिक घटनाओं ने कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर बहस तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
(नोट: इस समाचार में सामूहिक दुष्कर्म के मामले से जुड़े आरोप पुलिस में दर्ज शिकायत और प्रारंभिक जांच पर आधारित हैं। आरोपियों का दोष न्यायालय में विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही तय होगा।)



