

30 घंटे में ट्रांजिट कैंप पुलिस ने खोज निकालीं तीन नाबालिग बालिकाएं, गाजियाबाद से सकुशल बरामद


रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन गुमशुदा नाबालिग बालिकाओं को महज 30 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने तीनों बालिकाओं को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जनपद स्थित मंसूरी क्षेत्र से बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
जानकारी के अनुसार थाना ट्रांजिट कैंप में मुकदमा FIR संख्या 153/2026 धारा 140(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री एवं उसकी दो सहेलियां, जो न्यू बुडलैंड एकेडमी में कक्षा 8 की छात्राएं हैं, 22 मई 2026 को सुबह करीब 11 बजे स्कूल से छुट्टी के बाद बिना बताए कहीं चली गईं। परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के निर्देशन में तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें तीनों बालिकाएं रोडवेज स्टेशन रुद्रपुर की ओर जाती दिखाई दीं। आगे की जांच में पता चला कि तीनों दिल्ली जाने वाली रोडवेज बस में सवार हुई थीं।
इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस और साइबर सेल की मदद से बालिकाओं की लोकेशन ट्रेस की। प्रारंभिक जानकारी में उनके वृंदावन, मथुरा क्षेत्र में होने की सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस टीम तत्काल रवाना की गई। लगातार तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना तंत्र की सहायता से पुलिस ने 24 मई 2026 को तीनों बालिकाओं को मंसूरी, जिला गाजियाबाद से सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में बालिकाओं ने पुलिस को बताया कि वे अपनी मर्जी से वृंदावन-मथुरा घूमने गई थीं। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बरामदगी अभियान में उपनिरीक्षक कीर्ति भट्ट, उपनिरीक्षक चंद्रप्रकाश बवाड़ी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह (एसओजी) तथा साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
