

नानकमत्ता में धर्मान्तरण के आरोप पर बवाल: डीएम ने बैठाई जांच, 15 दिन में रिपोर्ट तलब।


रुद्रपुर, 01 मई 2026। उधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र के ग्राम नवीनगर में धार्मिक पूजा की आड़ में धर्मान्तरण के आरोप को लेकर हुए हंगामे के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने तत्काल संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच के आदेश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह प्रकरण संवेदनशील प्रकृति का है, जिसमें कानून-व्यवस्था, सामाजिक समरसता और जनसुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलू शामिल हैं। ऐसे में पूरे मामले की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाना जरूरी है। इसी उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में 7 सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है।
इस जांच टीम में अपर पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, संबंधित क्षेत्र के उपजिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी के साथ-साथ स्थानीय अभिसूचना इकाई के निरीक्षक को सदस्य बनाया गया है। समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वह सभी तथ्यों की पड़ताल कर प्रमाण आधारित स्पष्ट रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत करे।
अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि जांच प्रक्रिया के तहत 05 मई को दोपहर 12 बजे टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही शिकायतकर्ता परिवार से मुलाकात कर उनके बयान भी दर्ज किए जाएंगे। सभी संबंधित अधिकारियों को तय समय पर मौके पर पहुंचकर जांच कार्य में सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को मामले की गंभीरता को देखते हुए अहम माना जा रहा है, और अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
