हल्द्वानी में गरजी कांग्रेस— “फासीवाद नहीं चलेगा, निर्दोषों पर फर्जी केस बंद करो”: सुमित हृदयेश का पुलिस पर सीधा हमला

खबरें शेयर करें -

हल्द्वानी में गरजी कांग्रेस— “फासीवाद नहीं चलेगा, निर्दोषों पर फर्जी केस बंद करो”: सुमित हृदयेश का पुलिस पर सीधा हमला।


25 अप्रैल 2026 को हल्द्वानी में आयोजित एक अहम प्रेस वार्ता में विधायक सुमित हृदयेश ने सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं के साथ कथित पुलिस दुर्व्यवहार, फर्जी मुकदमों और लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन के मुद्दे पर खुलकर आवाज उठाई। उन्होंने दो टूक कहा कि देवभूमि में फासीवादी सोच को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और निर्दोष लोगों को झूठे मामलों में फंसाने की कार्रवाई तुरंत बंद होनी चाहिए।

प्रेस वार्ता में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पीड़ित परिवारों ने संयुक्त रूप से हालिया घटनाओं पर गहरी चिंता जताई और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। सुमित हृदयेश ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हर नागरिक का मौलिक अधिकार है, लेकिन हाल में जिस तरह युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ व्यवहार किया गया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस निष्पक्षता से काम नहीं कर रही और सत्तापक्ष के दबाव में कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने विशेष रूप से मदरसन कंपनी में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर चल रहे शांतिपूर्ण धरने का जिक्र करते हुए कहा कि वहां समर्थन देने पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी, राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू और छात्र महासंघ अध्यक्ष आशीष कबड़वाल पर की गई कार्रवाई दमनकारी नीति का उदाहरण है। कांग्रेस हमेशा जनहित के आंदोलनों के साथ खड़ी रहेगी और आम जनता को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

विधायक ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, सभी फर्जी मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं, दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो और पीड़ित परिवारों को सुरक्षा दी जाए।

इस दौरान हरीश पनेरू और आशीष कबड़वाल ने भी आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलनों को दबाने के लिए डर का माहौल बनाया जा रहा है। वहीं समाजसेवी पीयूष जोशी की मां पुष्पा जोशी ने भावुक होते हुए बताया कि उनके बेटे के साथ मारपीट की गई, गले पर चोट के निशान हैं और उसे गंभीर मामलों में फंसाने के साथ जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पूरा परिवार भयभीत है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल चिमवाल ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्षता की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्दोष लोगों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मधु सांगूड़ी, पूर्व मंत्री सुहैल सिद्दीकी, मोहन बिष्ट, गिरीश पांडे, दिनेश सांगूड़ी, पूजा पालीवाल, विनीता भट्ट, हिमांशु कबड़वाल, कमल बोरा और मेहुल साह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में कथित पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए साफ कहा कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो यह मुद्दा बड़ा जनआंदोलन बनेगा।