“जच्चा की मौत से फूटा जनाक्रोश: अस्पताल बना रणक्षेत्र, CMS की कार्यप्रणाली पर उठे बड़े सवाल”

खबरें शेयर करें -

“जच्चा की मौत से फूटा जनाक्रोश: अस्पताल बना रणक्षेत्र, CMS की कार्यप्रणाली पर उठे बड़े सवाल”


रुद्रपुर के उप जिला अस्पताल में प्रसव पीड़ा से तड़पती एक जच्चा की मौत ने पूरे स्वास्थ्य विभाग की पोल खोलकर रख दी। महिला की मौत के बाद अस्पताल परिसर में ऐसा बवाल मचा कि चीख-पुकार, हंगामा और गुस्से से पूरा परिसर थर्रा उठा। परिजनों का आरोप है कि इलाज में भारी लापरवाही बरती गई और समय रहते सही उपचार न मिलने के कारण महिला की जान चली गई।

घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि स्थिति संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। पूरे घटनाक्रम ने अस्पताल प्रशासन और खासकर CMS डॉ. कुलदीप यादव की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

परिजनों का आरोप है कि महिला दर्द से कराहती रही लेकिन अस्पताल स्टाफ और डॉक्टरों ने गंभीरता नहीं दिखाई। हालत बिगड़ने के बावजूद समय पर इलाज नहीं मिला और आखिरकार महिला ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का सब्र टूट गया और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा शुरू हो गया।

घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन लोगों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिला। अस्पताल के बाहर देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर कब तक सरकारी अस्पतालों में लापरवाही के चलते मासूम जिंदगियां यूं ही दम तोड़ती रहेंगी? क्या इस मामले में जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी जांच के नाम पर ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा?