

विधायक शिव अरोरा ने बागवाला में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास योजना का किया स्थलीय निरीक्षण


1872 गरीब परिवारों के सपनों का आशियाना तैयार, जल्द सौंपी जाएंगी आवासों की चाबियां
रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हर गरीब और अतिनिर्धन परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में रुद्रपुर के बागवाला क्षेत्र में तैयार किए जा रहे 1872 आवासीय भवनों का विधायक ने जिला विकास प्राधिकरण की टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जयकिशन और उनकी टीम भी मौजूद रही। विधायक शिव अरोरा ने बताया कि वर्ष 2023 में उनके प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने रुद्रपुर क्षेत्र के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना को स्वीकृति दी थी। इसके बाद जिला विकास प्राधिकरण को बागवाला क्षेत्र में योजना विकसित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि बागवाला क्षेत्र की चयनित भूमि को प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए सबसे उपयुक्त माना गया। जमीन हस्तांतरण सहित सभी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद रिकॉर्ड ढाई वर्ष के भीतर इस बड़े प्रोजेक्ट को लगभग पूर्ण कर लिया गया है। विधायक ने इसे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच का परिणाम बताया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने आवासीय ब्लॉकों में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। योजना में पार्क, पार्किंग, फायर सेफ्टी पाइपलाइन, अंडरग्राउंड वायरिंग और एसटीपी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। प्रत्येक आवास में एक बेडरूम, किचन, बालकनी, हॉल, अलग शौचालय और बाथरूम की व्यवस्था की गई है।
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि इन आवासों का निर्माण पूरी तरह कंक्रीट और सरिया से किया गया है तथा इनमें ईंटों का प्रयोग नहीं हुआ है। उन्होंने दावा किया कि इस तकनीक से बने मकानों में सीलन या नमी की समस्या नहीं होगी और इन्हें भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि जिला विकास प्राधिकरण द्वारा 1872 मकानों का चरणबद्ध तरीके से लॉटरी प्रणाली के माध्यम से पूर्ण पारदर्शिता के साथ आवंटन किया जा चुका है। कुछ ब्लॉकों में फिनिशिंग का कार्य अंतिम चरण में है, जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
विधायक ने कहा कि रमपुरा जैसे क्षेत्रों में रहने वाले गरीब परिवार, जिनके पास अपना घर नहीं था, अब जल्द ही अपने सपनों के आशियाने में प्रवेश करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम में लाभार्थियों को आवासों की चाबियां सौंपी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि लगभग छह लाख रुपये की लागत से तैयार इन आवासों के लिए लाभार्थियों को मात्र पांच हजार रुपये शुल्क देना होगा। केंद्र सरकार की ओर से तीन लाख रुपये की सब्सिडी दी जाएगी, जबकि शेष राशि आसान किस्तों के माध्यम से बैंक ऋण द्वारा जमा की जाएगी।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि एक साथ 1872 परिवारों का इस योजना में बसना सरकार की गरीब कल्याणकारी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में सामान्य व्यक्ति के लिए अपना घर बनाना कठिन हो गया है, लेकिन मोदी सरकार ने हर गरीब को उसका पक्का घर देने का संकल्प पूरा किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और इसके समीप रिकॉर्ड समय में तैयार की गई रिंग रोड सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं।
इस अवसर पर बागवाला झील ग्राम प्रधान पति प्रमोद कुमार, भगवानपुर प्रधान विनीत सोलंकी, मटकोटा धर्मपुर प्रधान दीपक गोस्वामी, अजय वर्मा, अजीत सोलंकी, राजीव शुक्ला, कुलदीप चंद्र, राजेश तिवारी, सुनील सिंह, मयंक कक्कड़, डंपी चोपड़ा, नीरज यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।
