

मंदिर से लौटते समय दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से मां-बेटी की मौत, पति गंभीर घायल
रुद्रपुर। मंदिर में जलाभिषेक कर घर लौट रहे एक परिवार पर सोमवार तड़के दर्द का पहाड़ टूट पड़ा। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, बहराइच निवासी गोकुल चंद्र सरकार अपनी पत्नी सुमित्रा सरकार (42 वर्ष) और बेटी गहना सरकार (20 वर्ष) के साथ अपने मायके क्षेत्र शक्तिफार्म आए हुए थे। रविवार देर रात करीब 1:30 बजे तीनों मोटरसाइकिल से मटेरा स्थित जंगली नाथ मंदिर में जल चढ़ाने गए थे। पूजा-अर्चना के बाद सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी चीनी मिल के पास पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सुमित्रा सरकार और उनकी बेटी गहना सरकार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोकुल चंद्र सरकार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल गोकुल चंद्र का उपचार जारी है।
बताया गया कि मृतका सुमित्रा के परिवार में दो बेटे और एक बेटी थी। इस हादसे में इकलौती बेटी गहना की मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।




