

रात्रि में रिवर क्रेस्ट कॉलोनी में दिखा लेपर्ड, कॉलोनीवासियों में दहशत
रुद्रपुर/पंतनगर। पंतनगर सिडकुल स्थित डाबर कंपनी के निकट रिवर क्रेस्ट कॉलोनी में सोमवार देर रात लेपर्ड (गुलदार) दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लेपर्ड कॉलोनी के आसपास घूमता हुआ नजर आया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसका वीडियो भी बना लिया। घटना की सूचना फैलते ही कॉलोनीवासियों में भय व्याप्त हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी के आसपास घनी झाड़ियां और हरित क्षेत्र होने के कारण जंगली जानवरों की आवाजाही की आशंका बनी रहती है। लेपर्ड दिखने के बाद लोगों ने बच्चों और बुजुर्गों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी है तथा रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है।
कॉलोनीवासियों ने वन विभाग से तत्काल क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, निगरानी करने तथा आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
अपील: यदि किसी क्षेत्र में लेपर्ड दिखाई दे तो उसके पास जाने या उसे घेरने का प्रयास न करें। तुरंत वन विभाग या स्थानीय पुलिस को सूचना दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।




