मजदूर नेताओं की जिला बदर कार्रवाई पर भड़का आक्रोश, रुद्रपुर में धामी सरकार और प्रशासन का पुतला फूंका; श्रमिक संयुक्त मोर्चा ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

मजदूर नेताओं की जिला बदर कार्रवाई पर भड़का आक्रोश, रुद्रपुर में धामी सरकार और प्रशासन का पुतला फूंका; श्रमिक संयुक्त मोर्चा ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
समाचार इंडिया 1 | रुद्रपुर। हरिद्वार में मजदूर नेताओं को गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत जिला बदर करने और पंतनगर सिडकुल की ऐरा (एपेक्स) बिल्डिसिस फैक्ट्री के 40 श्रमिकों को शांतिभंग के मामले में नोटिस जारी किए जाने के विरोध में सोमवार को रुद्रपुर में श्रमिक संगठनों ने प्रदर्शन किया। श्रमिक संयुक्त मोर्चा ऊधम सिंह नगर के बैनर तले रोडवेज चौराहे पर सभा आयोजित कर हरिद्वार जिला प्रशासन और धामी सरकार का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मजदूर नेताओं पर कार्रवाई को श्रमिकों की आवाज दबाने का प्रयास बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि इंकलाबी मजदूर केंद्र के केंद्रीय उपाध्यक्ष पंकज बवाड़ी, जयप्रकाश यादव और पीपल्स लेबर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललित कुमार मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहे हैं। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि हरिद्वार सिडकुल में मजदूर आंदोलनों का नेतृत्व करने, चार श्रम संहिताओं के खिलाफ आवाज उठाने और विभिन्न जनमुद्दों पर अभियान चलाने के कारण नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने सिडकुल की फैक्ट्रियों में श्रम कानूनों के कथित उल्लंघन, ठेका मजदूरों के शोषण और रोजगार की असुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मजदूरों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनके आंदोलनों पर कार्रवाई की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान अंकिता भंडारी प्रकरण, महिला सुरक्षा और एसआईआर प्रक्रिया के विरोध में चलाए जा रहे अभियानों का भी जिक्र किया गया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मजदूरों के संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने की स्वतंत्रता को दबाने का प्रयास हो रहा है।
मोर्चा नेताओं ने पंतनगर सिडकुल के सेक्टर-9 स्थित ऐरा (एपेक्स) बिल्डिसिस फैक्ट्री के श्रमिकों का मामला उठाते हुए कहा कि मजदूर वर्ष 2017 से कार्यबहाली के लिए संघर्ष कर रहे हैं। संगठन के अनुसार, एनसीएलटी के निर्णय के बावजूद श्रमिकों की कार्यबहाली का मामला लंबित है। आरोप लगाया गया कि 16 सितंबर 2026 से फैक्ट्री गेट पर शांतिपूर्ण धरना दे रहे करीब 40 मजदूरों को शांतिभंग के मामले में नोटिस जारी किए गए हैं। मोर्चा ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए नोटिस वापस लेने और श्रमिकों की कार्यबहाली के मामले का समाधान करने की मांग की।
श्रमिक संयुक्त मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि हरिद्वार जिला प्रशासन ने मजदूर नेताओं की जिला बदर कार्रवाई वापस नहीं ली और रुद्रपुर प्रशासन ने ऐरा श्रमिकों को जारी नोटिस निरस्त नहीं किए, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन में धीरज जोशी, कैलाश भट्ट, दिनेश भट्ट, मुकुल, सुरेंद्र सिंह, शिवदेव सिंह, भूपेंद्र सोनी, हरीश मौर्य, फिरोज खान, हृदयेश कुमार, भरत जोशी, शंकर जोशी और संदीप कुमार सहित विभिन्न श्रमिक एवं सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#Rudrapur #Uttarakhand #मजदूर_अधिकार #श्रमिक_आंदोलन #Sidcul #Pantnagar #Haridwar #श्रमिक_संयुक्त_मोर्चा #SamacharIndia1 @followers