

रुद्रपुर में परिवहन विभाग का सख्त एक्शन: 27 वाहनों के चालान, 15 वाहन सीज, ओवरलोडिंग और बिना दस्तावेज चल रहे वाहनों पर कार्रवाई
रुद्रपुर, 26 जुलाई। जनपद ऊधम सिंह नगर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने रात्रिकालीन विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। संभागीय परिवहन अधिकारी, हल्द्वानी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में नियमों की अनदेखी करने वाले 27 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 15 वाहनों को सीज कर दिया गया।
अभियान के दौरान सीज किए गए 15 वाहनों में 10 मालवाहक और 5 यात्री वाहन शामिल हैं। जांच में 10 मालवाहक वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक ओवरलोड पाए गए, जबकि 3 यात्री वाहन क्षमता से अधिक सवारियां लेकर चलते मिले। इसके अलावा कई वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, बिना टैक्स जमा किए तथा बिना वैध परमिट के संचालित होते पाए गए।
परिवहन विभाग की टीम ने ऐसे सभी वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालान और सीज की कार्रवाई की। विभाग का कहना है कि यह अभियान सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से चलाया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नवीन सिंह ने सभी वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, टैक्स, ड्राइविंग लाइसेंस सहित सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर अद्यतन रखें तथा यातायात एवं मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



