उधम सिंह नगर में NEET-2026 परीक्षा की तैयारियां पूरी, 5 केंद्रों पर 2528 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

खबरें शेयर करें -

उधम सिंह नगर में NEET-2026 परीक्षा की तैयारियां पूरी, 5 केंद्रों पर 2528 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा


रुद्रपुर, 18 जून 2026। आगामी 21 जून (रविवार) को आयोजित होने वाली NEET-2026 परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनपद में बनाए गए 5 परीक्षा केंद्रों पर कुल 2528 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

जिला सभागार में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने केंद्र व्यवस्थापकों और समन्वयकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने और निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनपद में परीक्षा के लिए प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय नया भवन पंतनगर, प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पुराना भवन पंतनगर, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय काशीपुर, आईआईएम काशीपुर तथा पीएमश्री अटल उत्कृष्ट एएन झा राजकीय इंटर कॉलेज रुद्रपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

एडीएम ने निर्देश दिए कि प्रश्नपत्रों को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सुरक्षित रखा जाए और निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही खोला जाए। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए जैमर की कार्यक्षमता की जांच भी पहले से कर ली जाए, ताकि किसी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक गड़बड़ी या नकल की संभावना न रहे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, घड़ी या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। अभ्यर्थियों से भी अपील की गई है कि वे ऐसे उपकरण अपने घर पर ही छोड़कर आएं।

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा और परीक्षा ड्यूटी में लगे किसी भी कर्मचारी को मोबाइल रखने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा सभी केंद्रों पर बिजली, पेयजल, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ओसी हिमांशु कफल्टिया, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, जवाहर नवोदय विद्यालय की प्राचार्य कंचन जोशी तथा स्वास्थ्य विभाग के डॉ. सुधीर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जबकि संबंधित उप जिलाधिकारी और केंद्र प्रभारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े।

प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएंगे।