पंतनगर एयरपोर्ट की सुरक्षा और विस्तार को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम ने दिए बड़े निर्देश

खबरें शेयर करें -

पंतनगर एयरपोर्ट की सुरक्षा और विस्तार को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम ने दिए बड़े निर्देश


रुद्रपुर, 17 जून 2026। पंतनगर एयरपोर्ट की सुरक्षा, संचालन और विस्तार कार्यों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में जिला सभागार में आयोजित एरोड्रोम समिति की बैठक में एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा संबंधी चुनौतियों और विस्तार परियोजना की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में पंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक पवन कुमार ने बताया कि एयरपोर्ट के आसपास बड़े पेड़ों और झाड़ियों के कारण सुरक्षा संबंधी जोखिम बने हुए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने वन विभाग और एयरपोर्ट प्रशासन को संयुक्त टीम बनाकर पेड़ों को चिन्हित करने तथा आवश्यक कटाई-छंटाई और सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।

एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती संख्या और उड़ान संचालन में वृद्धि को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती तथा पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराने की मांग रखी। डीएम ने पुलिस अधिकारियों को इस संबंध में पुलिस मुख्यालय को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

बैठक में एयरपोर्ट परिसर में जंगली जानवरों की आवाजाही को भी गंभीर मुद्दा माना गया। जिलाधिकारी ने वन विभाग और एयरपोर्ट प्रशासन को नियमित हाका अभियान चलाकर जंगली जानवरों को एयरपोर्ट क्षेत्र से दूर रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को रोका जा सके।

इसके अलावा एयरपोर्ट के आसपास अवैध रूप से संचालित मांस की दुकानों पर भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई। अधिकारियों ने बताया कि इन दुकानों के कारण चील और कौओं का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे विमान संचालन के दौरान खतरा बढ़ जाता है। डीएम ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को नियमित जांच अभियान चलाकर ऐसी दुकानों को हटाने के निर्देश दिए।

बैठक में पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार परियोजना की जद में आने वाले अतिक्रमणों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने और आवश्यक ध्वस्तीकरण कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही एयरपोर्ट प्रशासन और एनएचएआई को विस्तार कार्यों तथा संबंधित स्वीकृतियों में तेजी लाने को कहा गया।

प्रशासन के इन निर्देशों से साफ है कि पंतनगर एयरपोर्ट को सुरक्षित, आधुनिक और विस्तारित स्वरूप देने की दिशा में अब कार्रवाई तेज होने वाली है।