

राष्ट्रीय स्तरीय अस्मिता वूमेन लीग का शानदार शुभारंभ, दूसरे दिन दिखा रोमांच और दमदार प्रदर्शन


रुद्रपुर के शिवालिक वेलोड्रोम में 3 मई 2026 को आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय अस्मिता वूमेन लीग 2025-26 के दूसरे दिन प्रतियोगिता पूरे जोश और उत्साह के साथ संपन्न हुई। इस प्रतिष्ठित साइक्लिंग प्रतियोगिता में देशभर से आई महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
दूसरे दिन के आयोजन में विभिन्न वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने बेहतरीन कौशल और गति का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को उधम सिंह नगर के पुलिस अधीक्षक उत्तम सिंह नेगी, नजारत उप समाहर्ता जुबैक सक्सेना, उत्तराखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डीके सिंह, जिला खेल अधिकारी जानकी कार्की एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर उत्तराखंड साइक्लिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल चौधरी, महासचिव दिवेश पांडे, संयुक्त सचिव विजय पाठक, साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव शैलेंद्र पाठक एवं नीरज तंवर सहित कई खेल अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और खेलो इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और जोन से कुल 249 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए तमिलनाडु की एम. गायत्री ने तकनीकी अध्यक्ष और दिल्ली के विजय नारायण सिंह ने रेस डायरेक्टर के रूप में अहम भूमिका निभाई, वहीं दर्जनों तकनीकी अधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।
दो दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में महिला खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक हासिल किए और खेल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाया।
