

रुद्रपुर इंडस्ट्रियल एग्जीबिशन 2026 का 35वाँ संस्करण 8 से 10 जुलाई तक, 150 से अधिक कंपनियां होंगी शामिल
रुद्रपुर। उत्तराखंड के प्रमुख औद्योगिक आयोजनों में शामिल इंडसटेक रुद्रपुर इंडस्ट्रियल एग्जीबिशन 2026 का 35वाँ संस्करण 8, 9 और 10 जुलाई 2026 को रुद्रपुर स्थित आर्क होटल में आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं और देशभर से उद्योग प्रतिनिधियों एवं कंपनियों का रुद्रपुर पहुंचना शुरू हो गया है।
तीन दिवसीय इस औद्योगिक प्रदर्शनी में 150 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों की अग्रणी कंपनियां अपनी नवीनतम मशीनरी, उपकरण और अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन करेंगी।
आयोजकों के अनुसार प्रदर्शनी में 1,200 से अधिक उद्योग प्रतिनिधियों और 5,000 से अधिक व्यापारिक एवं औद्योगिक आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है। यह आयोजन उद्योगपतियों, निर्माताओं, इंजीनियरों, उद्यमियों, परचेज विभागों और तकनीकी विशेषज्ञों के लिए नए व्यावसायिक अवसरों का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
प्रदर्शनी में मशीन टूल्स, CNC मशीनें, वेल्डिंग एवं कटिंग उपकरण, रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन, न्यूमेटिक एवं हाइड्रोलिक सिस्टम, प्रदूषण नियंत्रण उपकरण, इलेक्ट्रिकल एवं सोलर उत्पाद, इंडस्ट्रियल लाइटिंग, मटेरियल हैंडलिंग इक्विपमेंट, जनरेटर, कंप्रेसर और पावर टूल्स सहित आधुनिक औद्योगिक तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। विशेष आकर्षण अत्याधुनिक रोबोटिक और कंप्यूटर नियंत्रित मशीनें होंगी, जो उद्योगों की उत्पादकता और कार्यकुशलता बढ़ाने में सहायक होंगी।
आयोजन के दौरान इंडस्ट्री 4.0, ऑटोमेशन, लागत नियंत्रण, आधुनिक खरीद प्रणाली और उत्पादन क्षमता बढ़ाने जैसे विषयों पर तकनीकी एवं बिजनेस सेमिनार भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विशेषज्ञ उद्योग जगत के नवीनतम रुझानों और तकनीकों पर अपने विचार साझा करेंगे।
आयोजकों का कहना है कि रुद्रपुर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों की इकाइयों के लिए यह प्रदर्शनी विशेष रूप से लाभकारी होगी। उद्योगों को एक ही स्थान पर देश की अग्रणी कंपनियों की आधुनिक मशीनरी देखने, उत्पादों की तुलना करने तथा निर्माताओं और विशेषज्ञों से सीधे संवाद स्थापित करने का अवसर मिलेगा।
इस भव्य आयोजन का संचालन द्रोणाचार्य इवेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है, जिसने पिछले तीन दशकों में देशभर में कई सफल औद्योगिक प्रदर्शनियों का आयोजन किया है।
मुख्य अतिथि: विधायक रुद्रपुर शिव अरोड़ा होंगे।
सहयोगी संस्थाएं:
KGCCI (कुमाऊँ गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री)
SEWS (सिडकुल एंटरप्रेन्योर वेल्फेयर सोसायटी)
उत्तराखंड राइस मिलर्स एसोसिएशन
इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (IIA)
आयोजन समिति: दीपक चौधरी, कुलदीप सिंह कुंतल एवं शकील खान।
आयोजकों ने प्रदेश के उद्योगपतियों, उद्यमियों, व्यापारियों, तकनीकी विशेषज्ञों और औद्योगिक संस्थानों से प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।


