कमेटी के बीच बनी सहमति, सभी प्रमुख मांगें मानने का आश्वासन

खबरें शेयर करें -

कमेटी के बीच बनी सहमति, सभी प्रमुख मांगें मानने का आश्वासन
हिसार/हांसी। हरियाणा के हिसार जिले के हांसी में डेयरी संचालक जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहा आंदोलन सोमवार को सरकार और आंदोलनकारी कमेटी के बीच हुई वार्ता के बाद समाप्ति की ओर बढ़ गया। चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ न्याय संघर्ष समिति की छह सदस्यीय कमेटी की बैठक हुई, जिसमें आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों पर सहमति बनी।
बैठक में सरकार की ओर से मुख्य आरोपित रमेश अत्री की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया। इसके अलावा 15 अगस्त को हांसी में दर्ज किए गए मुकदमों को वापस लेने, आंदोलन के दौरान जब्त किए गए वाहनों को लौटाने तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी।
सरकार के आश्वासन के बाद जीवन कुंडू के परिवार ने पिछले 14 दिनों से रखे शव का मंगलवार को किनाला में अंतिम संस्कार करने पर सहमति जताई है। लंबे समय से शव का अंतिम संस्कार नहीं होने के कारण मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव और आक्रोश बना हुआ था।
18 अगस्त से हाईवे बंद करने की दी थी चेतावनी
वार्ता से पहले महापंचायत और न्याय संघर्ष समिति ने सरकार को चेतावनी दी थी कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो 18 अगस्त से हिसार-दिल्ली, हिसार-सिरसा और हिसार-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्गों को बंद किया जाएगा। सरकार के साथ हुई वार्ता में मांगों पर सहमति बनने के बाद आंदोलनकारियों ने फिलहाल टकराव की स्थिति को टाल दिया है।
पूर्व प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने कराई मध्यस्थता
वार्ता के दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया भी चंडीगढ़ पहुंचे और सरकार तथा न्याय संघर्ष समिति के बीच मध्यस्थता की। समिति सदस्य एवं पूर्व सरपंच रवि कुंडू के अनुसार मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया और मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
15 अगस्त को पुलिस और प्रदर्शनकारियों में हुआ था टकराव
इस मामले को लेकर 15 अगस्त को हांसी में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेहरू कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले सिसाय पुल नाके पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हुआ था। बताया गया कि सुबह करीब 6:40 बजे 150 से 200 लोग ट्रैक्टर-ट्रालियों के साथ समारोह स्थल की ओर बढ़ रहे थे, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद की स्थिति बनी।
अब सरकार की ओर से मांगों पर सहमति और परिवार द्वारा अंतिम संस्कार के लिए तैयार होने के बाद हांसी में लंबे समय से चल रहे आंदोलन के शांतिपूर्ण समाधान की उम्मीद बढ़ गई है।