### कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर कुलपति से मिले विधायक तिलक राज बेहड़, नियमितीकरण और पेंशन का मुद्दा उठाया
2003 से पूर्व के कर्मचारियों के नियमितीकरण, ठेका कर्मियों को समान कार्य-समान वेतन और मृतक आश्रितों की नियुक्ति का मामला उठाया
पंतनगर। किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप से उनके कार्यालय में मुलाकात कर विश्वविद्यालय कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं और क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान विधायक ने कर्मचारियों के नियमितीकरण, पेंशन, वेतन और मृतक आश्रितों की नियुक्ति सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
विधायक बेहड़ ने कुलपति के समक्ष वर्ष 2003 से पूर्व सेवारत कर्मचारियों के नियमितीकरण का मुद्दा उठाते हुए ठेका कर्मचारियों को उपनल कर्मचारियों की तर्ज पर समान कार्य के लिए समान वेतन देने की मांग की। इसके अलावा कर्मचारियों की लंबित पेंशन समस्याओं का समाधान, विश्वविद्यालय में राज्य स्वास्थ्य योजना (गोल्डन कार्ड) लागू करने तथा पिछले पांच वर्षों से लंबित मृतक आश्रितों की नियुक्तियां मृतक आश्रित सेवा नियमावली 1974 के तहत किए जाने की मांग रखी।
उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर स्थित कैंपस स्कूल को विश्वविद्यालय में समाहित करने अथवा उसका राजकीयकरण किए जाने का विषय भी कुलपति के सामने रखा। बेहड़ ने कहा कि कर्मचारियों की ये समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। इनके समाधान के लिए वह पूर्व में भी कई बार पत्राचार कर चुके हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इन मामलों में गंभीरता से कार्रवाई करने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान विधायक ने पंतनगर क्षेत्र में राज्य योजना एवं मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत लगभग छह किलोमीटर सड़क के सुधारीकरण की स्वीकृति मिलने और अधिकांश कार्य पूरे होने की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में भी पंतनगर के विकास के लिए करीब 80 लाख रुपये के विभिन्न कार्य स्वीकृत कराए गए हैं, जिनमें अधिकांश पूरे हो चुके हैं और शेष कार्य प्रगति पर हैं।
विधायक बेहड़ ने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का ब्यौरा देते हुए बताया कि क्षेत्र में शौचालय निर्माण, सोलर लाइट स्थापना, आंतरिक सड़कों का निर्माण एवं सुधारीकरण, मंदिरों का सौंदर्यीकरण, वाटर कूलरों की स्थापना, कर्मचारी संघ कार्यालय का सौंदर्यीकरण और विभिन्न धार्मिक स्थलों पर टीन शेड निर्माण जैसे कार्य कराए गए हैं।
वहीं, कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप ने पंतनगर क्षेत्र में विधायक बेहड़ के कार्यकाल के दौरान कराए गए विकास कार्यों की सराहना की और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की। विधायक ने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्य लगातार कराए जा रहे हैं, ताकि विश्वविद्यालय कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।











