### जिला पंचायत की बैठक में विकास कार्यों पर बड़े फैसले, कूड़ा निस्तारण से लेकर सड़क-पेयजल तक उठे मुद्दे
35 जिला पंचायत सदस्यों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, हाईटेक सभागार का शुभारंभ; किच्छा में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और नानकमत्ता में नई दुकानें बनाने पर भी मंथन
रुद्रपुर। जिला पंचायत ऊधम सिंह नगर की सामान्य बोर्ड बैठक शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में आयोजित हुई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, बिजली, सड़क, शिक्षा और जिला पंचायत की आय बढ़ाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक से पहले अध्यक्ष अजय मौर्य ने आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हाईटेक सभागार का विधिवत शुभारंभ किया।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन और उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के क्रम में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 लागू करने पर चर्चा हुई। सितारगंज के ग्राम तिर्कातिसौर और काशीपुर के ग्राम ढकियाकला में जिला पंचायत की कृषि भूमि पर गीले कूड़े के निस्तारण के लिए ट्रंचिंग ग्राउंड बनाने का प्रस्ताव रखा गया। इसके लिए दो ट्रोमल मशीनें खरीदने के साथ ही सभी विकासखंडों के कॉम्पैक्टर स्थलों पर सात वजन मशीनें लगाने, टिन शेड, पक्का फर्श और चारदीवारी निर्माण की योजना पर भी विचार किया गया। ग्राम पंचायतों के व्यापारियों और प्रतिष्ठानों से कूड़ा निस्तारण के लिए यूजर चार्ज वसूलने संबंधी उपविधियां बनाने पर भी चर्चा हुई।
ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों और निराश्रित गोवंश की समस्या के समाधान के लिए डॉग कैचर वाहन और एनिमल लिफ्टिंग वाहन खरीदने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया। वहीं जिला पंचायत की आय बढ़ाने के उद्देश्य से नानकमत्ता की खोड भूमि पर नई दुकानों का निर्माण तथा किच्छा स्थित पुराने अस्पताल की भूमि पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और पार्किंग विकसित करने पर मंथन हुआ। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त ग्रामीण निर्माण कार्यों की मांगों तथा 15वें और 16वें वित्त आयोग की योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
बैठक के दूसरे सत्र में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी की मौजूदगी में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की गई। सदस्यों ने अपात्र राशन कार्ड धारकों के नाम हटाने और पात्र परिवारों के राशन कार्ड बनाने का मुद्दा उठाया। इस पर सीडीओ ने ग्राम पंचायतों की खुली बैठकों में पात्र लाभार्थियों का चयन करने और पूर्ति विभाग के अधिकारियों को भी इन बैठकों में उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों की मरम्मत, चारदीवारी और सुरक्षा दीवार बनाने की मांग उठी। सीडीओ ने बताया कि जिले में जिला योजना, आपदा और सीएसआर मद से करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से मॉडल स्कूल विकसित किए जा रहे हैं। इससे सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
विद्युत विभाग की समीक्षा में झूलते तारों और टेढ़े बिजली के पोल बदलने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सदस्यों ने यह भी मांग की कि लंबे समय से बकाया बिजली बिलों की वसूली और कनेक्शन काटने से पहले उपभोक्ताओं को नोटिस देकर सूचित किया जाए। सीडीओ ने जनप्रतिनिधियों से बिजली के पोल लगाने संबंधी प्रस्ताव उपलब्ध कराने और संबंधित अधिशासी अभियंता को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जल संस्थान और जल निगम की समीक्षा में पेयजल लाइनों में लीकेज रोकने तथा खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराने की मांग उठाई गई। सीडीओ ने सदस्यों से लीकेज वाली पेयजल लाइनों की सूची उपलब्ध कराने को कहा, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में पैहनिया से कुमराहा, दियूरी, कुठरा और बलखेड़ा-खमरिया सहित विभिन्न मार्गों को गड्ढामुक्त करने का मुद्दा उठाया गया। इसके साथ ही कृषि, सिंचाई, स्वास्थ्य और वन विभाग के कार्यों की भी समीक्षा हुई।
बैठक के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने कहा कि बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई है। बैठक की विशेष उपलब्धि यह रही कि जसपुर से खटीमा तक के सभी 35 जिला पंचायत सदस्यों ने शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराई। सभी सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं और विकास से जुड़े प्रस्ताव सदन में रखे, जिन्हें बोर्ड ने स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने बताया कि पूर्व में सामने आई समस्याओं की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को पत्र के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि स्वीकृत कार्यों को जल्द टेंडर प्रक्रिया में लाकर धरातल पर उतारा जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति मिलेगी।
बैठक में सीएमओ डॉ. संजीव गोस्वामी, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीकेएस यादव, अधिशासी अभियंता सिंचाई आनंद सिंह नेगी, भरत सिंह डांगी, सुशील कुमार, बीएस रौतेला, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे।











