### 417वीं रैंक से हिमालयी राज्यों में नंबर वन तक पहुंचा रुद्रपुर, महापौर बोले- सामूहिक प्रयासों से हासिल हुआ बड़ा मुकाम
महापौर विकास शर्मा ने साझा किया स्वच्छता की उपलब्धियों का सफर, बोले- पुरस्कार से बढ़ी जिम्मेदारी, अभी आदर्श रुद्रपुर बनाना बाकी
रुद्रपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान हासिल करने के बाद महापौर विकास शर्मा ने इस उपलब्धि के पीछे की पूरी कार्ययोजना और नगर निगम के प्रयासों को साझा किया। पत्रकार वार्ता में उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, पर्यावरण मित्रों, पार्षदों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में 417वीं रैंक से लेकर हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान तक का सफर तय किया है, लेकिन अभी आदर्श और स्मार्ट रुद्रपुर बनाने का लक्ष्य हासिल करना बाकी है।
महापौर ने बताया कि जब उन्होंने कार्यभार संभाला था, तब स्वच्छ सर्वेक्षण 2023-24 में रुद्रपुर की रैंकिंग 417 थी। इसके बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली में बदलाव करते हुए लगातार प्रयास किए गए और अगली रैंकिंग में शहर 68वें स्थान पर पहुंचा। अब स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान हासिल करना शहर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि सबसे पहले शहर को कूड़े के ढेरों से मुक्त करने, नियमित कूड़ा उठान और वैज्ञानिक निस्तारण पर ध्यान दिया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से नगर निगम को 35 नए वाहन मिले। वर्तमान में 85 छोटी-बड़ी गाड़ियां स्वच्छता व्यवस्था में लगी हैं। गीले और सूखे कचरे के साथ चार श्रेणियों में कचरे के पृथक्करण की व्यवस्था विकसित की गई है। सीबीजी प्लांट में कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण किया जा रहा है। गीले कचरे से सीएनजी तैयार की जा रही है, जबकि घरों से निकलने वाले मल के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए स्थापित प्लांट में खाद बनाई जा रही है। नगर निगम ने ओडीएफ प्लस-प्लस के मानकों को भी पूरा किया है।
महापौर ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रत्येक मानक का बारीकी से अध्ययन किया गया। केंद्र सरकार की टीम ने रुद्रपुर पहुंचकर व्यवस्थाओं का भौतिक निरीक्षण और सत्यापन किया। इस दौरान सामने आई कमियों को तत्काल दूर किया गया। सफाई व्यवस्था के साथ बाजारों को व्यवस्थित करने, पार्कों की स्थिति सुधारने और नागरिकों को जागरूक करने पर भी काम किया गया। उन्होंने पर्यावरण मित्रों के योगदान को इस सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।
महापौर ने जलभराव की समस्या पर भी नगर निगम की ओर से किए गए प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नालों और जल निकासी की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए लगातार काम किया गया, जिसका असर बरसात के दौरान देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहर के विकास और स्वच्छता के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने में सहयोग किया है। राज्य सरकार के मार्गदर्शन और नगर निगम की टीम के समन्वित प्रयासों से यह उपलब्धि संभव हुई है।
भविष्य की योजनाओं पर महापौर ने बताया कि शहर में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की तैयारी है। कल्याणी नदी को पुनर्जीवित करने के लिए नमामि गंगे परियोजना के तहत केंद्र सरकार को बड़ा प्रस्ताव भेजा गया है। शहर की बुनियादी सुविधाओं, सौंदर्यीकरण और स्मार्ट सिटी की दिशा में भी योजनाएं तैयार की जा रही हैं। विकास कार्यों को गति देने के लिए शासन स्तर पर बजट की मांग भी रखी गई है।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि पुरस्कार मिलने के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। अभी शहर में बहुत कुछ करना बाकी है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान को अपनी जिम्मेदारी समझें और जहां कहीं भी व्यवस्था में कमी दिखाई दे, उसकी जानकारी नगर निगम को दें। उन्होंने कहा, “शहर को अपना घर समझकर साफ रखना होगा। जिस तरह हम अपने घर और दुकान को स्वच्छ रखते हैं, उसी तरह पूरे शहर को भी स्वच्छ और सुंदर बनाने की जिम्मेदारी हम सभी की है।”
उन्होंने कहा कि वह चौकीदार की तरह शहर की सेवा में लगे हैं और जनता से किए गए वादों को पूरा करके दिखाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में विकास का सिलसिला जारी रहेगा। आदर्श रुद्रपुर बनाने के लिए सरकार, नगर निगम और जनता का सामूहिक सहयोग जरूरी है।











