रामनगर में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 51 गिरफ्तार; रिसॉर्ट सील, एक नाबालिग भी मिली

खबरें शेयर करें -

रामनगर में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 51 गिरफ्तार; रिसॉर्ट सील, एक नाबालिग भी मिली
उत्तराखंड के रामनगर में नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी, एएचटीयू और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक रिसॉर्ट में छापेमारी कर 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। कार्रवाई के दौरान 10 महिलाओं को मुक्त कराया गया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि मेरठ के एक कारोबारी ने अपनी कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए करीब 2.20 लाख रुपये में रिसॉर्ट बुक कराया था। आरोप है कि महिलाओं की व्यवस्था बाहरी राज्यों और विदेश से कराई गई थी। पार्टी में शराब, अश्लील नृत्य और कथित “एक्स्ट्रा सर्विस” का भी इंतजाम किया गया था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में शराब, नकली 10 रुपये के नोटों की गड्डियां, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य मिटाने की कोशिश भी की गई, जिसके चलते संबंधित रिसॉर्ट को सील कर दिया गया है।
फिलहाल पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार जनरल मैनेजर की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।