

“सुस्त सिस्टम पर विधायक शिव अरोड़ा का ‘प्रहार’: सड़क चौड़ीकरण में लापरवाही पड़ी भारी तो होगी सीधी FIR, डीएम की चेतावनी से अफसरों में मचा भूचाल”


रुद्रपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक उस समय बेहद तीखी और गरम माहौल में बदल गई, जब विधायक शिव अरोड़ा ने त्रिशूल चौक से अटरिया मोड़ तक चल रहे 8 लेन सड़क चौड़ीकरण कार्य की बेहद धीमी रफ्तार पर अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। करोड़ों रुपये की स्वीकृत परियोजना के बावजूद जमीन पर रफ्तार न दिखने से विधायक का गुस्सा खुलकर सामने आया और बैठक में मौजूद विभागीय अधिकारियों के चेहरे तक उतर गए।
विधायक शिव अरोड़ा ने साफ शब्दों में कहा कि जनता रोज जाम और अव्यवस्था से जूझ रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहे। उन्होंने त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक चल रहे निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए डीडी चौक से अटरिया मोड़ मेडिकल कॉलेज तक यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए चेतावनी दी कि यदि किसी विभाग की लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। डीएम की इस सख्त चेतावनी के बाद बैठक में मौजूद अधिकारियों में हड़कंप और बेचैनी का माहौल दिखाई दिया।
विधायक ने बताया कि वर्ष 2023 में उनके प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत त्रिशूल चौक से अटरिया मोड़ तक 8 लेन सड़क चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण योजना स्वीकृत हुई थी, जिसके लिए लगभग 32 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है। बावजूद इसके निर्माण कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहा। जिलाधिकारी ने अक्टूबर 2026 तक पूरे चौड़ीकरण कार्य को हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य तय करते हुए कहा कि अब किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।
बैठक में विधायक शिव अरोड़ा द्वारा प्रस्तावित मोदी मैदान खेल स्टेडियम परियोजना पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल इस परियोजना के प्रथम चरण के लिए 26.62 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं और अगले 15 दिनों में टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सोच के अनुरूप रुद्रपुर में आधुनिक खेल स्टेडियम तैयार किया जाएगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को नई सुविधाएं और बेहतर अवसर मिलेंगे।
काशीपुर बाईपास परियोजना की समीक्षा के दौरान यह भी बताया गया कि अगले चार से पांच दिनों में जल संस्थान पानी की पाइपलाइन शिफ्टिंग का कार्य शुरू करेगा। वहीं विद्युत विभाग पहले ही पोल शिफ्टिंग का काम शुरू कर चुका है।
इसके अलावा किच्छा बाईपास रोड स्थित पुराने ट्रेजरी कार्यालय परिसर में प्रस्तावित बंग भवन की भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया को जल्द शासन को भेजने की बात कही गई। हरि चान गुरु चान स्मृति छात्रवृत्ति कोष, जिसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा 2 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किया गया है, उसे भी जल्द लागू करने पर जोर दिया गया ताकि बंगाली समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए अधिक लाभ मिल सके।
बैठक में मेयर विकास शर्मा, एडीएम पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, एसडीएम मनीष बिष्ट, जिला विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष जय किशन, एनएच पीडी अचल जिंदल सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद
