

“गोल्डन आवर” में जान बचाने की कवायद तेज: e-DAR पोर्टल पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं, एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने थानाध्यक्षों को दिए सख्त निर्देश


रुद्रपुर। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर राहत और पीड़ित परिवारों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद ऊधम सिंह नगर पुलिस ने e-DAR (Electronic Detailed Accident Report) पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में 07 मई 2026 को पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात जितेंद्र चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों की e-DAR पोर्टल पर शत-प्रतिशत और समयबद्ध फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसपी ट्रैफिक ने स्पष्ट कहा कि दुर्घटना से संबंधित हर जानकारी तत्काल, सटीक और त्रुटिरहित तरीके से पोर्टल पर अपलोड की जाए, ताकि पीड़ितों और उनके परिजनों को क्लेम, मुआवजा और अन्य सहायता समय पर मिल सके।
उन्होंने लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तकनीकी समन्वय बेहतर करने और डेटा को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान यह भी कहा गया कि e-DAR पोर्टल केवल दुर्घटना रिपोर्टिंग का माध्यम नहीं, बल्कि सड़क हादसों के विश्लेषण, पारदर्शिता और भविष्य में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए एक महत्वपूर्ण डिजिटल सिस्टम बन चुका है।
बैठक में PM-RAHAT योजना का भी विशेष उल्लेख किया गया। अधिकारियों को बताया गया कि यदि सड़क दुर्घटना की जानकारी e-DAR पोर्टल पर तत्काल अपलोड होती है, तो घायल व्यक्तियों को कैशलेस इलाज उपलब्ध कराने में तेजी आएगी। इससे “गोल्डन आवर” के दौरान उपचार सुनिश्चित कर गंभीर रूप से घायल लोगों की जान बचाने में मदद मिलेगी।
पुलिस प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि सड़क दुर्घटना मामलों में अब तकनीकी लापरवाही या देरी को गंभीरता से लिया जाएगा और प्रत्येक थाना स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी।
