स्पा सेंटर की आड़ में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 2 नाबालिग समेत 5 युवतियां रेस्क्यू, 6 गिरफ्तार

खबरें शेयर करें -

स्पा सेंटर की आड़ में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 2 नाबालिग समेत 5 युवतियां रेस्क्यू, 6 गिरफ्तार


रुद्रपुर में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने 2 नाबालिग समेत 5 युवतियों को रेस्क्यू किया, जबकि 2 महिलाओं सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के मुताबिक AHTU टीम को सूचना मिली थी कि रुद्रपुर के गाबा चौक स्थित “ब्यूटी क्वीन स्पा एंड सैलून” में बाहरी राज्यों की लड़कियों को लाकर अनैतिक कार्य कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद प्रभारी AHTU निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी के नेतृत्व में टीम ने स्पा सेंटर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके से 5 मोबाइल फोन, एक स्कैनर, रिसेप्शन रजिस्टर और आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से स्पा सेंटर संचालिका लालनुनसियामी उर्फ किकी निवासी मिजोरम, उसके पति मौ0 शेहरियार निवासी बरेली, एच लालछनहिमा निवासी मिजोरम, दीपक सिंह निवासी रुद्रपुर, संजय श्रीवास्तव निवासी पीलीभीत/रुद्रपुर तथा लालरमजावी उर्फ निकी को गिरफ्तार किया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 5 युवतियों को रेस्क्यू किया, जिनमें 2 नाबालिग बताई गई हैं। सभी युवतियां मिजोरम की रहने वाली हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपित युवतियों को अच्छे काम का झांसा देकर मिजोरम से लाते थे और बाद में डरा-धमकाकर देह व्यापार के लिए मजबूर करते थे।

पुलिस के अनुसार इस मामले में मिजोरम के ऑल वुमेन पुलिस स्टेशन आइजोल में पहले से मुकदमा दर्ज है। वहीं रुद्रपुर कोतवाली में भी भारतीय न्याय संहिता और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।