रुद्रपुर में शहीद राम कुमार आर्या को भावभीनी श्रद्धांजलि, पुण्यतिथि पर आयोजित हुआ शहीदी दिवस।

खबरें शेयर करें -

रुद्रपुर में शहीद राम कुमार आर्या को भावभीनी श्रद्धांजलि, पुण्यतिथि पर आयोजित हुआ शहीदी दिवस।


रुद्रपुर के आदर्श कॉलोनी स्थित शहीद राम कुमार आर्या पार्क में असम राइफल पूर्वसैनिक कल्याण संघ (अखिल भारतीय) द्वारा शहीद राइफलमैन राम कुमार आर्या की पुण्यतिथि पर शहीदी दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री एवं किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल समेत कई गणमान्य लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए पूर्व सैनिकों और संगठन के पदाधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। केरल से संगठन के संस्थापक महासचिव वी टी नायर, कोषाध्यक्ष वी ए वेनुगोपालन, राजस्थान से वी जे थामस और हरियाणा से एस के दहिया सहित कई पदाधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे।

इस अवसर पर विधायक तिलकराज बेहड़ ने शहीद के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वहीं राजकुमार ठुकराल ने कहा कि ऐसे वीर जवानों की बदौलत ही देश सुरक्षित है और हमें उनके परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना रखनी चाहिए।

संगठन के पदाधिकारियों ने शहीद राम कुमार आर्या के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने 2 मई 1989 को असम राइफल में भर्ती होकर देश सेवा का मार्ग चुना। प्रशिक्षण के बाद मार्च 1990 में वे 7 असम राइफल के साथ जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा क्षेत्र में तैनात हुए। 5 मई 1991 को ऑपरेशन रक्षक के तहत चलाए गए काउंटर इंसर्जेंसी अभियान में उन्होंने अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया। इस अभियान में एक छोटी टुकड़ी ने 72 पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया और 13 आतंकियों को जीवित पकड़ा। इस दौरान राम कुमार आर्या ने सर्वोच्च बलिदान देते हुए मातृभूमि के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।

कार्यक्रम में शहीद की पत्नी हेमलता देवी ने भी उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी, पार्षद जितेश शर्मा, पार्षद गौरव खुराना, प्रकाश शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, जिला पंचायत सदस्य सुखदेव हाल्दार, कमांडर नयन सिंह रावत, सूबेदार मेजर खड़ग सिंह कार्की सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।