रुद्रपुर से बड़ी खबर: सिडकुल में मजदूरों का फूटा गुस्सा, भाकपा (माले) ने सौंपा ज्ञापन, 42 हजार न्यूनतम वेतन की मांग तेज।

खबरें शेयर करें -

रुद्रपुर से बड़ी खबर: सिडकुल में मजदूरों का फूटा गुस्सा, भाकपा (माले) ने सौंपा ज्ञापन, 42 हजार न्यूनतम वेतन की मांग तेज।


रुद्रपुर, 18 अप्रैल। उधम सिंह नगर जिले के पंतनगर और सितारगंज सिडकुल क्षेत्रों में मजदूरों के बढ़ते आक्रोश के बीच भाकपा (माले) ने श्रमिकों की समस्याओं को लेकर बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने आक्रोशित श्रमिकों की मांगों को लेकर डीएलसी (उप श्रम आयुक्त) को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

जिला सचिव ललित मटियाली ने बताया कि जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में काम कर रहे मजदूर लगातार शोषण का सामना कर रहे हैं। महंगाई के इस दौर में उन्हें बेहद कम मजदूरी मिल रही है, जिससे उनका जीवन यापन मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि पंतनगर सिडकुल की बेलराइस और याजाकी कंपनियों में कार्यरत ठेका मजदूरों ने कम वेतन और शोषण के विरोध में हड़ताल शुरू कर दी है।

मटियाली ने श्रम विभाग से मांग की कि वह तुरंत हस्तक्षेप कर मजदूरों की समस्याओं का समाधान करे। साथ ही उन्होंने उद्योगों में न्यूनतम मजदूरी बढ़ाकर 42,000 रुपये प्रतिमाह किए जाने का प्रस्ताव शासन को भेजने की भी मांग उठाई।

इस दौरान ऐक्टू की ओर से हेमंत भट्ट भी मौजूद रहे। ज्ञापन के माध्यम से मजदूरों के शोषण पर रोक लगाने और उनकी जायज मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

अब देखना होगा कि श्रम विभाग इस बढ़ते श्रमिक असंतोष पर क्या कदम उठाता है और मजदूरों को राहत मिलती है या नहीं।