

खुशी ही असली दौलत: मानसिक स्वास्थ्य वर्कशॉप में छात्रों को मिला खुशहाल जीवन का मंत्र।


रुद्रपुर -सरदार भगत सिंह महाविद्यालय में मेंटल हेल्थ हैप्पीनेस क्लब के तत्वावधान में एक प्रेरणादायक वर्कशॉप का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों और प्राध्यापकों को खुशहाल और तनावमुक्त जीवन जीने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और स्वागत गीत के साथ हुई, जिससे पूरे माहौल में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
कार्यक्रम की संयोजक प्रो0 दीपा वर्मा, विभागाध्यक्ष मनोविज्ञान विभाग, ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उपस्थित सभी लोगों को सक्रिय रूप से जोड़ा और माहौल को खुशनुमा बना दिया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि खुश रहना ही स्वस्थ जीवन की कुंजी है और यह हमारे अंदर से ही आता है।
कार्यक्रम में डॉ दिशा ने मेडिटेशन के माध्यम से मानसिक शांति और खुशी पाने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि खुशी बाहरी चीजों में नहीं बल्कि हमारे भीतर होती है, इसलिए सकारात्मक सोच अपनाने से जीवन में स्वतः बदलाव आता है।
मुख्य अतिथि चिकित्सा अधिकारी डॉ किशोर कुमार अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने निःस्वार्थ भाव से समाज के लिए कार्य करने और सरल जीवन जीने को सच्ची खुशी का आधार बताया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ अमिता भटनागर, प्राचार्या गुरुनानक गर्ल्स डिग्री कॉलेज, ने आज के दौर में बढ़ते मानसिक तनाव पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे बच्चों में भी तनाव बढ़ रहा है, जिसका असर उनकी सेहत पर पड़ रहा है। उन्होंने मोबाइल फोन से दूरी बनाकर परिवार और अपनों के साथ संवाद बढ़ाने की सलाह दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो0 अवधेश नारायण सर ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि इंसान इस दुनिया में खाली हाथ आता है और खाली हाथ ही जाता है, इसलिए जीवन में सबसे अनमोल चीज खुशी है, जिसे किसी भी धन से नहीं खरीदा जा सकता।
इस अवसर पर छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और कार्यक्रम को सफल बनाया। अंत में डॉ वसुंधरा उपाध्याय ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
