तूफान का खतरा: मौसम को लेकर बड़ी चेतावनी, तुरंत सतर्क रहें।

खबरें शेयर करें -

तूफान का खतरा: मौसम को लेकर बड़ी चेतावनी, तुरंत सतर्क रहें।


 

उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मौसम को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। आने वाले समय में आंधी-तूफान की आशंका को देखते हुए आमजन को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके।

प्राधिकरण ने साफ कहा है कि खराब मौसम के दौरान लोग बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। तेज हवा और तूफान के समय दरवाजे और खिड़कियां बंद रखना बेहद जरूरी है, साथ ही घर के बाहर रखे ढीले सामान को सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखें, ताकि वे उड़कर नुकसान न पहुंचा सकें।

बिजली गिरने या शॉर्ट सर्किट के खतरे को देखते हुए बिजली के उपकरणों से दूरी बनाए रखने और जरूरत न होने पर प्लग निकाल देने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूर रहने को कहा गया है, क्योंकि तेज हवाओं में इनके गिरने का खतरा बना रहता है।

वाहन चालकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है और कहा गया है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर ही खड़ा करें। कच्चे या कमजोर मकानों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

आपात स्थिति से निपटने के लिए मोबाइल फोन को चार्ज रखने की सलाह दी गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत संपर्क किया जा सके। साथ ही मोमबत्ती या दीया जलाते समय विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है, जिससे आग लगने जैसी घटनाओं से बचा जा सके।

प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया है कि खराब मौसम के दौरान छत या खुले स्थानों पर जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी अलर्ट एवं निर्देशों का पालन करें। किसी भी प्रकार की आपात सहायता के लिए तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन से संपर्क करने की अपील की गई है।