

नशे के सौदागरों पर बड़ा वार: एक महीने में ढाई करोड़ का जहर जब्त, 68 तस्कर सलाखों के पीछे।



पुष्कर सिंह धामी के “नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान को जमीनी स्तर पर सख्ती से लागू करते हुए अजय गणपति के नेतृत्व में उधम सिंह नगर पुलिस ने एक महीने के भीतर नशा तस्करों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाकर रिकॉर्ड कार्रवाई की है। इस अभियान के दौरान लगभग ढाई करोड़ रुपये की अवैध नशीली सामग्री बरामद की गई और 68 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जिससे पूरे जनपद में नशा कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।
पुलिस द्वारा चलाए गए इस व्यापक अभियान में कुल 55 मुकदमे दर्ज किए गए। बरामदगी के आंकड़े चौंकाने वाले हैं, जिनमें 581.4 किलोग्राम गांजा, 1.058 किलोग्राम चरस, 714.96 ग्राम स्मैक, 56 नशीले इंजेक्शन और 227 नशीली गोलियां शामिल हैं। इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की जब्ती इस बात का संकेत है कि जिले में नशे का कारोबार कितने बड़े स्तर पर फैल चुका था, जिस पर अब पुलिस ने सख्ती से शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी और कार्रवाई की गई। कोतवाली रुद्रपुर में सबसे बड़ी कार्रवाई सामने आई, जहां 5 मामलों में 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए 560.8 किलोग्राम गांजा, 106.9 ग्राम स्मैक और 192 नशीली गोलियां बरामद की गईं। इसके अलावा जसपुर, काशीपुर, आईटीआई, बाजपुर, किच्छा, खटीमा और अन्य थाना क्षेत्रों में भी लगातार कार्रवाई करते हुए तस्करों को गिरफ्तार किया गया और भारी मात्रा में नशा बरामद किया गया।
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद जिले में नशा तस्करों के बीच डर का माहौल साफ तौर पर देखा जा रहा है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों और बरामदगी ने यह संदेश दिया है कि अब नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसएसपी अजय गणपति के सख्त निर्देशों पर यह अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही जा रही है, जिससे “नशा मुक्त उत्तराखंड” के लक्ष्य को जमीन पर उतारने में तेजी आने की उम्मीद है।
