

स्क्रैप गोदाम में अग्निकांड से मचा हड़कंप, करोड़ों का माल जलकर राख


कई कंपनियों के दमकल वाहन घंटों तक करते रहे आग से जंग, शॉर्ट सर्किट की आशंका
रुद्रपुर के ग्राम छतरपुर में बृहस्पतिवार सुबह एक पार्ट्स एवं स्क्रैप गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में भारी मात्रा में रखा स्क्रैप, ऑटो पार्ट्स और अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम छतरपुर निवासी प्रेम मौर्य की भूमि को किराये पर लेकर ओमेक्स कॉलोनी निवासी व्यवसायी कमल अरोरा द्वारा पार्ट्स एवं स्क्रैप का गोदाम संचालित किया जा रहा था। गोदाम में बड़ी मात्रा में वाहन पार्ट्स और स्क्रैप सामग्री का भंडारण किया गया था। बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे अचानक गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही मिनटों में आग ने भयावह रूप ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में मौजूद कर्मचारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कर्मचारियों ने ट्यूबवेल, मोटर और अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग लगातार फैलती चली गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलते ही सिडकुल चौकी पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। आग की भयावहता को देखते हुए सिडकुल क्षेत्र की कई बड़ी कंपनियों के दमकल वाहनों को भी बुलाया गया। टाटा मोटर्स, बजाज, हिंदुस्तान जिंक, अशोक लीलैंड, महिंद्रा और टीसीएस लालपुर समेत कई उद्योगों के फायर वाहन घंटों तक लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने में जुटे रहे। समाचार लिखे जाने तक दमकल विभाग द्वारा कई राउंड पानी डालकर आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास जारी था।
घटना की सूचना पर समाजसेवी सुशील गाबा भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। स्थानीय पटवारी और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में लंबे समय तक अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा।
