महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ना साजिश, मौजूदा 543 सीटों पर ही लागू हो आरक्षण: अमनदीप कौर

खबरें शेयर करें -

महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ना साजिश, मौजूदा 543 सीटों पर ही लागू हो आरक्षण: अमनदीप कौर।


रुद्रपुर, 19 अप्रैल। महिला संगठन ऐपवा की नेता और प्रदेश बार काउंसिल की सदस्य एडवोकेट अमनदीप कौर ने महिला आरक्षण बिल को परिसीमन से जोड़ने के प्रयास को साजिश करार देते हुए इसे तत्काल वर्तमान लोकसभा की 543 सीटों पर लागू करने की मांग की है।

प्रेस को जारी बयान में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण को लागू करने में गंभीर नहीं है और इसके लिए विपक्ष को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला संगठनों और विपक्षी दलों की लंबे समय से मांग रही है कि महिला आरक्षण को बिना किसी शर्त के लागू किया जाए।

अमनदीप कौर ने आरोप लगाया कि सरकार महिला आरक्षण को भविष्य में प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ रही है, जबकि इसे तुरंत लागू किया जा सकता है। हाल के राष्ट्रीय स्तर पर भी कई महिला संगठनों ने यह मांग उठाई है कि महिला आरक्षण को जनगणना और परिसीमन से अलग किया जाए और इसे तुरंत लागू किया जाए ।

 

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन के बाद लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर लगभग 850 तक किए जाने की बात सामने आ रही है, जिससे राजनीतिक संतुलन प्रभावित हो सकता है । उनके अनुसार, इससे कुछ राज्यों को अधिक लाभ और कुछ को नुकसान हो सकता है, जो देश के संघीय ढांचे के खिलाफ है।

 

अमनदीप कौर ने कहा कि संसद का विशेष सत्र ऐसे समय में बुलाया गया जब कई विपक्षी नेता चुनावी व्यस्तताओं में थे, जिससे सरकार की मंशा पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने विभिन्न चर्चित मामलों का जिक्र करते हुए सरकार पर महिला सुरक्षा के मुद्दों पर चुप्पी साधने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) की मांग है कि महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण बिना किसी देरी और शर्त के दिया जाए। उन्होंने परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों का विरोध करते हुए लोकतांत्रिक और संघीय ढांचे की रक्षा की बात कही।

अंत में उन्होंने संसद में परिसीमन बिल के गिरने का स्वागत करते हुए महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने की मांग दोहराई।