डीएम मनीष कुमार सख्त एक्शन में: 27 फरवरी से पहले चाक-चौबंद होंगी पूर्णागिरि धाम यात्रा की सभी तैयारियां।

खबरें शेयर करें -

डीएम मनीष कुमार सख्त एक्शन में: 27 फरवरी से पहले चाक-चौबंद होंगी पूर्णागिरि धाम यात्रा की सभी तैयारियां।


चम्पावत। उत्तर भारत की आस्था का प्रमुख केंद्र पूर्णागिरि धाम में 27 फरवरी से शुरू होने वाली वार्षिक यात्रा को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने टनकपुर से धाम तक यात्रा मार्ग का पैदल व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया और रात्रिकालीन व्यवस्थाओं का भी बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेंगी। उन्होंने मुंडन शुल्क अधिकतम 150 रुपये निर्धारित करते हुए चेतावनी दी कि अधिक वसूली पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेटिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने क्षतिग्रस्त मार्गों की शीघ्र मरम्मत कराने, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने और दुकानदारों को अनिवार्य रूप से फायर एक्सटिंग्विशर रखने के निर्देश दिए। साथ ही सख्त हिदायत दी कि कोई भी दुकानदार मार्ग पर सामान न फैलाए। गुटखा और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी विभागों को 27 फरवरी से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण करने और प्रतिदिन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि पूर्णागिरि धाम यात्रा आस्था और विश्वास का बड़ा आयोजन है, इसलिए व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।