

लस्सी ठेले पर खूनी खेल! युवक का गला काटने की कोशिश, खून से लथपथ हालत में बची जान, iPhone 16 लूट तमंचों के बल पर फरार हुए हमलावर



BNS की धारा 109(1), 134 में मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर -रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में रविवार रात एक मामूली विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया। विशाल मेगा मार्ट के सामने स्थित शिव लस्सी ठेले पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो युवकों ने एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी उसका महंगा iPhone 16 मोबाइल लूटकर तमंचों के बल पर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मामले में ट्रांजिट कैंप निवासी सुमित मंडल पुत्र सुशांत मंडल ने कोतवाली ट्रांजिट कैंप में तहरीर देकर बताया कि 24 मई 2026 की रात लगभग 9:01 बजे उसका भाई शुभम मंडल अपने मित्र अंकित साना के साथ शिव लस्सी ठेले पर लस्सी पी रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद दो लस्सी ठेली संचालकों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ता देख शुभम मंडल ने पुलिस को सूचना देने के लिए अपना मोबाइल फोन निकाला, लेकिन तभी कृपाल और अर्पित नामक युवक अचानक उसके पास पहुंचे और उसका फोन छीन लिया।
बताया गया कि जब शुभम मंडल ने अपना मोबाइल वापस मांगा तो दोनों आरोपी आगबबूला हो गए और जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से उसके गले पर हमला करने का प्रयास किया। हालांकि शुभम ने किसी तरह अपना बचाव किया, लेकिन इस दौरान धारदार हथियार का वार उसके दाहिने कंधे पर लग गया। हमले में उसके कंधे पर लगभग ढाई सेंटीमीटर गहरी चोट आई और काफी खून बहने लगा। पीड़ित को गंभीर अंदरूनी चोटें भी आई हैं।
तहरीर में यह भी कहा गया है कि हमलावर युवक शुभम मंडल का iPhone 16 मोबाइल, जिसकी IMEI संख्या 355306354331854 है, लूटकर मौके से फरार हो गए। आरोपियों के पास तमंचे भी थे, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में भय और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि शुभम मंडल समय रहते खुद का बचाव नहीं करता तो घटना और भी भयावह हो सकती थी।
पीड़ित पक्ष ने बताया कि शुभम मंडल और उसका मित्र अंकित साना दोनों हमलावरों की पहचान करने में सक्षम हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 309(4), 311, 352 तथा आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

