ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में परिवहन विभाग रुद्रपुर की अनूठी पहल                                           

खबरें शेयर करें -

ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में परिवहन विभाग रुद्रपुर की अनूठी पहल                                            प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री  द्वारा ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर की गई अपील का प्रभाव अब सरकारी विभागों में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।


संभागीय परिवहन अधिकारी हल्द्वानी के निर्देशों के क्रम में परिवहन विभाग रुद्रपुर ने प्रत्येक शनिवार को ‘नो व्हीकल डे’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में आज शनिवार को कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों ने ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सार्वजनिक परिवहन, साइकिल तथा अन्य गैर-ईंधन साधनों का उपयोग किया। वहीं कार्यालय के नजदीक रहने वाले अधिकारी और कर्मचारी पैदल ही कार्यालय पहुंचे।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी यथासंभव सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग तथा इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रयोग को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे ईंधन की खपत कम हो और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।

परिवहन विभाग ने आम जनमानस से भी अपील की है कि वे दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर ईंधन की बचत करें और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। अधिकारियों का कहना है कि यदि प्रत्येक व्यक्ति जागरूक होकर ऐसे प्रयास करे, तो आने वाले समय में प्रदूषण और ईंधन संकट जैसी समस्याओं पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।