

विवेक नगर में स्मार्ट मीटर का विरोध, हंगामे के बाद बैरंग लौटी बिजली विभाग की टीम


रूद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र के विवेक नगर में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम को शुक्रवार को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि एसडीओ अनु मदान के नेतृत्व में पहुंची टीम को बिना स्मार्ट मीटर लगाए वापस लौटना पड़ा। मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी लोगों के समर्थन में विभागीय अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग की टीम विवेक नगर क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची थी। टीम के पहुंचते ही स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विभागीय कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।
विरोध की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने एसडीओ अनु मदान से कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने में समान नीति अपनाई जानी चाहिए। उनका आरोप था कि पहले भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़े पूंजीपतियों के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाएं, उसके बाद आम जनता के घरों में इसकी शुरुआत की जाए।
उन्होंने यह भी दावा किया कि जिन भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों के घरों में पहले स्मार्ट मीटर लगाए गए थे, वहां बाद में दोबारा पुराने मीटर लगा दिए गए। इस पर उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
पूर्व विधायक ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों के मन में स्मार्ट मीटर को लेकर कई तरह की आशंकाएं हैं और जब तक विभाग जनता की शंकाओं का समाधान नहीं करता, तब तक जबरन स्मार्ट मीटर थोपना उचित नहीं है।
काफी देर तक चले विरोध, बहस और नारेबाजी के बाद विभागीय टीम ने फिलहाल स्मार्ट मीटर लगाने का काम रोक दिया और वापस लौट गई।
