

ईंधन बचत की दिशा में ऊधम सिंह नगर पुलिस की बड़ी पहल, हर शनिवार रहेगा ‘नो व्हीकल डे’


रुद्रपुर। देशहित और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने एक अनूठी पहल की शुरुआत की है। अजय गणपति ने जनपद के सभी पुलिस कार्यालयों और इकाइयों में तत्काल प्रभाव से “फ्यूल अनुशासन पॉलिसी” लागू कर दी है। यह कदम माननीय प्रधानमंत्री एवं उत्तराखंड सरकार द्वारा ईंधन बचत को लेकर की गई अपील के अनुरूप उठाया गया है।
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक शनिवार को पुलिस विभाग में “नो व्हीकल डे” मनाया जाएगा। इस दिन पुलिस अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय आने-जाने के लिए निजी या सरकारी वाहनों का प्रयोग नहीं करेंगे। इसका उद्देश्य ईंधन की बचत, सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
पुलिस विभाग की बैठकों और गोष्ठियों में भी अब तकनीक का अधिक उपयोग किया जाएगा। थाना स्तर की अपराध समीक्षा बैठकें, ओआर और अन्य गोष्ठियां यथासंभव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की जाएंगी, ताकि अनावश्यक वाहन संचालन और ईंधन खर्च को कम किया जा सके।
एसएसपी ने दिन और रात्रि गश्त में पैदल गश्त को प्राथमिकता देने के निर्देश भी जारी किए हैं। चीता मोबाइल और अन्य गश्ती वाहन एक स्थान पर रुककर आसपास 100 से 200 मीटर तक पैदल गश्त करेंगे, जिसके बाद अगले स्थान पर जाएंगे। साथ ही अनावश्यक वाहन उपयोग से बचने को कहा गया है।
वीआईपी ड्यूटी, परेड और कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान कार पूलिंग को बढ़ावा देने तथा बस, टैक्सी और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों के अधिक उपयोग के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा थाना प्रभारियों को सरकारी वाहनों के मासिक ईंधन कोटे पर नियंत्रण रखने और अनावश्यक ईंधन व्यय रोकने के लिए निर्देशित किया गया है।
ऊधम सिंह नगर पुलिस अब अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ-साथ आमजन को भी ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूक करेगी और सार्वजनिक परिवहन व वैकल्पिक साधनों के उपयोग के लिए प्रेरित करेगी।
इस पहल पर एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पुलिस एक अत्यावश्यक सेवा है और जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ईंधन बचत केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं बल्कि राष्ट्रहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
