

रुद्रपुर में गूंजा तिरंगे का जयघोष, भाजयुमो की भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा युवाओं का सैलाब



रुद्रपुर। देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से रुद्रपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, भाजयुमो कार्यकर्ताओं और राष्ट्रप्रेमी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में शान से लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से रुद्रपुर का वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
तिरंगा यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के जयघोष से शहर की सड़कों पर देशभक्ति का माहौल बना रहा। युवाओं ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया। यात्रा में युवाओं का जोश और उत्साह देखते ही बना तथा जगह-जगह नागरिकों ने भी यात्रा का स्वागत किया।
भाजयुमो ऊधम सिंह नगर जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलौत ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और देशभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आज हमारा दायित्व है कि हम उन वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को और अधिक मजबूत करने के लिए कार्य करें।
गहलौत ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता युवाओं को राष्ट्रहित से जोड़ने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने रुद्रपुर सहित पूरे ऊधम सिंह नगर के नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर की सड़कों पर दिखाई दिया युवाओं का उत्साह यह संदेश दे रहा है कि देश का युवा राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा के लिए सदैव आगे खड़ा है। तिरंगा यात्रा ने शहर में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और देश के प्रति समर्पण का सकारात्मक संदेश दिया।
यात्रा के दौरान नागरिकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने तिरंगा यात्रा का समर्थन किया और देशभक्ति के नारों के साथ युवाओं का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
तिरंगा यात्रा में विधायक शिव अरोरा, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, भाजपा जिलामंत्री प्रमोद मित्तल, धीरेन्द्र मिश्रा, अमित नारंग, मनीष, रश्मि रस्तोगी, गजेन्द्र प्रजापति, रोहित, रचित सहित भाजयुमो के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सैकड़ों युवा मौजूद रहे।

