

भाजपा सरकार और नैनीताल एसएसपी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, डीडी चौक पर फूंका पुतला
रुद्रपुर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर भाजपा सरकार द्वारा सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग और नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर ‘अराजक तत्व’ कहे जाने के विरोध में प्रदेशभर में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। इसी क्रम में रुद्रपुर के डीडी चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और नैनीताल एसएसपी का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता डीडी चौक पर एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग पर नाराजगी जताई और पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि 8 अगस्त को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी में विशाल रैली को संबोधित किया था। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि रैली में शामिल होने के लिए पहुंच रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नैनीताल पुलिस प्रशासन द्वारा सरकार के दबाव में जगह-जगह रोका गया और उन्हें परेशान किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों में कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रमों और रैलियों में भाजपा सरकार पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर विपक्ष की राजनीतिक गतिविधियों को बाधित करने का आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी राजनीतिक दलों को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और कार्यक्रम आयोजित करने का अधिकार है।
ममता रानी और राजकुमार ठुकराल ने आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस के बढ़ते जनाधार से घबरा चुकी है और इसी कारण तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा की कथित राजनीति को समझ चुकी है और वह किसी भी बहकावे में आने वाली नहीं है।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर भाजपा सरकार और नैनीताल जनपद के एसएसपी के खिलाफ यह पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया है और कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से जनता के मुद्दों को लगातार उठाते रहेंगे।
प्रदर्शन के दौरान उमा सरकार, ज्योति टम्टा, मधु सिकदर, कमल चुघ, संध्या गुप्ता, प्रदीप यादव, विकास बंसल, रंजीत गुप्ता, जमुना प्रसाद, राजू गुप्ता, मोहन भारद्वाज, मुख्तार हुसैन, मसूद, दानिश खान, विकास, दीपक प्रकाश, जगदीश, सतनाम सिंह, सुनील चुघ, प्रीति साना, उमर अली, योगेश चौहान, मोनिका ढाली, आसित वाला, दर्शन कोली, भूपेंद्र सिंह, सेवाराम, बाबू विश्वकर्मा, आबिद हुसैन, रणजीत तिवारी, देवानंद, बलाई विश्वास, सरोज शर्मा, इंद्रजीत सिंह, अशफाक, हरभजन सिंह, ललित बिष्ट, सपन ओझा, रामपत मंडल, अशोक राय, रामकुमार गुप्ता, राजेंद्र शर्मा, खेम सिंह, कैलाश रावत, केरू मंडल, जावेद, रेहान, नासिर, अकबर अली समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




