

शोध-प्रकाशन के नए नियमों से रूबरू हुए महाविद्यालय के प्राध्यापक
एफडीपी में यूजीसी-केयर, कैस और ओएनओएस से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी
तलवाड़ी, चमोली। स्व. सं. से. आ. सिं. फ. राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी में आईक्यूएसी के तत्वावधान में एक दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भौतिक विज्ञान विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर एवं समर्थ नोडल अधिकारी डॉ. नीतू पांडे ने संकाय सदस्यों को मुख्यमंत्री शोध प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत शामिल शोध-पत्रिकाओं और शोध-प्रकाशन संबंधी नवीन दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. नीतू पांडे ने बताया कि यूजीसी द्वारा यूजीसी-केयर जर्नल की सूचीकरण सेवा बंद कर दी गई है। नवीनतम दिशा-निर्देशों के तहत कैरियर एडवांसमेंट स्कीम (कैस) के अंतर्गत पदोन्नति के लिए उन्हीं शोध-प्रकाशनों को मान्यता प्रदान की जाएगी, जो निर्धारित मानदंडों के अनुरूप शोध-पत्रिकाओं में प्रकाशित होंगे।
उन्होंने संकाय सदस्यों को वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन (ओएनओएस) पहल के अंतर्गत सूचीबद्ध शोध-पत्रिकाओं की जानकारी भी दी। बताया कि ओएनओएस की वेबसाइट पर लॉगिन करके विभिन्न विषयों से संबंधित शोध-पत्रिकाओं को पढ़ा और देखा जा सकता है। साथ ही, विषयानुसार शोध-पत्रों के प्रकाशन के लिए संबंधित शोध-पत्रिकाओं में निर्धारित प्रक्रिया के तहत शोध-पत्र भेजे जा सकते हैं।
एफडीपी के दौरान शोध-पत्र प्रकाशित करने की प्रक्रिया, मान्यता प्राप्त शोध-पत्रिकाओं के चयन तथा पदोन्नति में शोध-प्रकाशन की भूमिका से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रतिभा आर्य ने एफडीपी के सफल आयोजन के लिए डॉ. नीतू पांडे सहित सभी प्राध्यापकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में डॉ. पुष्पा रानी, अनुज कुमार, डॉ. सुधा राना, डॉ. खेमकरण, रजनीश कुमार, डॉ. जमशेद अंसारी, डॉ. कमलेश कुमार एवं डॉ. सुनील कुमार उपस्थित रहे।




